शराब तस्करों से मिलीभगत के आरोप में आबकारी निरीक्षक निलंबित:रमेश पांडेय को तरबगंज का अतिरिक्त प्रभार, प्रयागराज संबद्ध किए गए
गोंडा में शराब माफियाओं और तस्करों से मिलीभगत के आरोप में तरबगंज क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें निलंबन के बाद प्रयागराज स्थित आबकारी मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। वहीं, विभागीय कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए करनैलगंज में तैनात आबकारी निरीक्षक रमेश पांडेय को तरबगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने सोमवार दोपहर 12:30 बजे निलंबन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रमोद कुमार सिंह के खिलाफ रविवार देर रात कार्रवाई की गई। डीएम और एसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए संयुक्त समिति गठित की गई थी। इसमें एसडीएम तरबगंज और सीओ तरबगंज शामिल थे। समिति ने आरोपों की जांच कर अपनी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी थी। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए मुख्यालय स्तर से निलंबन की कार्रवाई की गई है। दरअसल, तरबगंज के आबकारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह पर शराब तस्करों को संरक्षण देने और उनसे मिलीभगत रखने के आरोप लगे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच समिति गठित की थी। समिति की रिपोर्ट और विभागीय संस्तुति के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। निलंबन के बाद अब तरबगंज क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने, शराब की दुकानों की निगरानी और प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई की जिम्मेदारी रमेश पांडेय संभालेंगे। करनैलगंज के साथ तरबगंज का अतिरिक्त प्रभार मिलने से अब दोनों क्षेत्रों की आबकारी व्यवस्था उनके अधीन रहेगी। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मामले में विस्तृत विभागीय जांच भी की जाएगी। इसमें आरोपों से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई तेज की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)