श्रद्धा से ही होता है भक्ति का उदय:राजन महाराज बोले- अधिकार और उपलब्धियां मिलने पर मनुष्य के भीतर अहंकार आ जाता है
गोंडा के जयप्रभा जानकीनगर स्थित चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दूसरे दिन बुधवार को व्यास राजन जी महाराज ने श्रद्धा, विश्वास और मधुर वाणी का महत्व बताया। शाम 6 बजे तक चली कथा में उन्होंने कहा कि ऐसी बात नहीं बोलनी चाहिए, जिससे घरवालों का मन दुखी हो। कुछ लोग कहते हैं कि वे सच बोलते हैं और सच कड़वा होता है। ऐसे लोगों पर कटाक्ष करते हुए महाराज ने कहा, 'क्या सत्य बोलने का ठेका आप ही को मिला है? अगर सत्य कड़वा है तो उसे थोड़ा घुमाकर बोलिए या मौन रहिए।' उन्होंने कहा कि ध्यान रखें, आपकी वाणी से किसी का मन आहत न हो। श्रद्धा और विश्वास से मिलता है वास्तविक आनंद महाराज ने कहा कि जब तक जीवन में श्रद्धा और विश्वास नहीं होगा, तब तक वास्तविक आनंद की अनुभूति नहीं हो सकती। श्रद्धा जागृत होने पर विश्वास स्वतः उत्पन्न होता है। दोनों का संगम जीवन को सार्थक बनाता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और निर्मल मन से श्रीराम कथा सुनने पर जीवन में आध्यात्मिक परिवर्तन आता है। कथा श्रवण से मनुष्य के भीतर लोभ, मोह, माया और ईर्ष्या जैसे विकार धीरे-धीरे समाप्त होने लगते हैं। हृदय में भक्ति, शांति और प्रेम का संचार होता है। श्रद्धापूर्वक रामकथा सुनने मात्र से अनेक अनुष्ठानों और पुण्य कर्मों का फल प्राप्त होता है। जिसके साथ जीवन बिताना है, उसमें दोष न खोजें महाराज ने कहा कि रामकथा का प्रत्येक प्रसंग मर्यादित जीवन जीने, कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास रखने की प्रेरणा देता है। किसी व्यक्ति को चतुर कह देने मात्र से लोग बुरा मान जाते हैं, जबकि वास्तविक चतुर वही है, जिसका मन भगवान की कथा सुनने के लिए प्रेरित हो। उन्होंने कहा कि मनुष्य अक्सर भगवान के पास कुछ मांगने जाता है, जबकि उसे प्रभु के प्रति आभार व्यक्त करना चाहिए। बार-बार समझाने के बाद भी कोई बात समझ में न आए तो स्वयं को समझा लेना चाहिए। जिसके साथ जीवन बिताना है, उसमें दोष नहीं खोजना चाहिए। घर-परिवार में ऐसी भाषा का प्रयोग करना चाहिए, जिससे किसी का दिल न दुखे। तपस्या और परिश्रम से मिली उपलब्धि का महत्व महाराज ने कहा कि कुछ लोग समाज में दूसरों की कमियां ही खोजते रहते हैं। अधिकार और उपलब्धियां मिलने पर मनुष्य के भीतर अहंकार आ जाता है, जबकि उसे इसके लिए ईश्वर का धन्यवाद करना चाहिए। तपस्या और परिश्रम के बाद प्राप्त उपलब्धि का महत्व अलग होता है। माता पार्वती ने भी कठोर तपस्या के बाद भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त किया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)