श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर गोवर्धन पूजा हुई:मंदिर में गिर्राज महाराज को छप्पन भोग चढ़ाया, देशभर से आए श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मथुरा में योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मस्थली श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर मंगलवार को गोवर्धन पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्रीगिर्राज महाराज के मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान गिर्राज महाराज का मनमोहक शृंगार कर उन्हें छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई। गोवर्धन पूजा महोत्सव को लेकर सुबह से ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए भक्तों ने श्रीगिर्राज महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। छप्पन भोग के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। भगवान को अर्पित किए गए विभिन्न प्रकार के पकवानों और मिष्ठानों से मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने द्वापर युग में इंद्र के अहंकार का मर्दन करने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर धारण किया था। तभी से ब्रज में गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है। इस पर्व पर श्रद्धालु गिर्राज महाराज की पूजा कर अन्नकूट का भोग लगाते हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में पूरे दिन धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। श्रद्धालु भगवान गिर्राज महाराज के जयकारे लगाते हुए दर्शन के लिए पहुंचे। छप्पन भोग के दर्शन कर भक्तों ने परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। पूरा परिसर गोवर्धन महाराज के जयकारों से गूंजता रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)