एनआरआई से रंगदारी मांगकर कुख्यात बदन सिंह फिर सुर्खियों में:धमकी में कहा- एक करोड़ रुपये नहीं दिए तो कोठी की तरफ कदम मत रखना

Nov 10, 2026 - 21:59
0
एनआरआई से रंगदारी मांगकर कुख्यात बदन सिंह फिर सुर्खियों में:धमकी में कहा- एक करोड़ रुपये नहीं दिए तो कोठी की तरफ कदम मत रखना
पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुख्यात और पांच लाख रुपये के इनामी बदमाश बदन सिंह बद्दो का नाम एक बार फिर रंगदारी मांगने के मामले में सामने आया है। इस बार बद्दो ने अमेरिका के कैलिफोर्निया में रह रहे मेरठ निवासी कमलजीत सिंह पवार को कथित तौर पर धमकी देकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। रंगदारी नहीं देने पर मेरठ स्थित उनकी कोठी की तरफ कदम नहीं रखने की चेतावनी दी गई है। पीड़ित ने ईमेल के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी राजीव कृष्ण से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। मामले की जांच में स्थानीय पुलिस के साथ एसटीएफ को भी लगाया गया है। पूरा मामला टीपीनगर थाना क्षेत्र के न्यू पंजाबीपुरा स्थित कोठी नंबर 76A से जुड़ा है। कमलजीत सिंह पवार ने अपनी शिकायत में बताया कि यह कोठी उनकी पत्नी कर्मजीत कौर के नाम पर है। उन्होंने मकान की देखरेख के लिए सोहन सिंह नाम के व्यक्ति को जिम्मेदारी दी थी। आरोप है कि वर्तमान में इस कोठी पर बदन सिंह बद्दो की बड़ी बहन ने कब्जा कर रखा है। इसी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। कंप्यूटर कॉल से दी गई धमकी कमलजीत सिंह का आरोप है कि बदन सिंह बद्दो की ओर से उन्हें कंप्यूटराइज्ड कॉल के जरिए धमकी दी गई। कॉल में कहा गया कि जब तक एक करोड़ रुपये सोहन सिंह को नहीं दिए जाते, तब तक वह मकान की तरफ कदम भी न रखें। शुरुआती छानबीन में करीब तीन महीने पहले कंप्यूटर कॉल किए जाने की जानकारी सामने आई है। कॉल के जरिए धमकी मिलने के बाद कमलजीत ने अमेरिका के मैंटेका पुलिस विभाग में भी शिकायत दर्ज कराई है। सीएम और डीजीपी तक पहुंचा मामला अमेरिका में रह रहे कमलजीत ने मामले को गंभीर बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी राजीव कृष्ण को ईमेल भेजा है। उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा के साथ ही मेरठ स्थित संपत्ति को लेकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ एसटीएफ को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस धमकी में इस्तेमाल किए गए कंप्यूटराइज कॉल के स्रोत और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। अधिवक्ता की हत्या में मिली थी उम्रकैद बदन सिंह बद्दो पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधियों में शामिल है। उसके खिलाफ 40 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। वह अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर भी सुर्खियों में रहा है। वर्ष 1996 में मेरठ में एक नामचीन अधिवक्ता की सरेआम हत्या कर उसने सनसनी फैला दी थी। इसके बाद लालकुर्ती क्षेत्र के केबल ऑपरेटर पवित्र मैत्रेय हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया। अधिवक्ता हत्याकांड में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। पेशी से लौटते समय होटल से हुआ था फरार बद्दो की फरारी का मामला भी देशभर में चर्चित रहा। 28 मार्च 2019 को अदालत में पेशी के बाद पुलिस उसे जेल लेकर लौट रही थी। इसी दौरान दिल्ली रोड स्थित होटल मुकुट महल में पुलिसकर्मियों के साथ रुकने के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इस घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। मामले में लापरवाही सामने आने पर कई पुलिसकर्मियों को बर्खास्त किया गया था। इसके बाद से बद्दो पुलिस की पकड़ से बाहर है और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है। फिर चर्चा में बद्दो, कई सवाल खड़े अमेरिका में रह रहे मेरठ के व्यक्ति को कथित धमकी देकर एक करोड़ रुपये मांगने का मामला सामने आने के बाद बद्दो एक बार फिर चर्चा में है। पुलिस के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि धमकी देने के लिए इस्तेमाल की गई कंप्यूटराइज्ड कॉल कहां से की गई, इसमें किन लोगों की भूमिका है और न्यू पंजाबीपुरा की कोठी के विवाद में कौन-कौन शामिल है। एसटीएफ की जांच से मामले में नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User