सीएम के दौरे से पहले सपाइयों को हाउस अरेस्ट:गोंडा में सीएम योगी को ज्ञापन देने जा रहे थे, पंचायत चुनाव समेत 7 मांगें उठाने की थी तैयारी
गोंडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को प्रस्तावित दौरे से पहले समाजवादी पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। सुबह 7 बजे से छपिया और खोण्डारे थाने की पुलिस ने समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विजय यादव, जिला सचिव महेश वर्मा और जिला पंचायत सदस्य अमर यादव समेत कई सपाइयों को उनके घरों में रोक रखा है। उन्हें बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सपा नेताओं ने पंचायत चुनाव कराने और गौरा विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन देने की घोषणा की थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद नेताओं ने आरोप लगाया कि उनकी आवाज दबाई जा रही है और उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया जा रहा। पंचायत चुनाव कराने की मांग प्रमुख जिला पंचायत सदस्य अमर यादव और लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विजय यादव ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने का ऐलान किया था। सात सूत्रीय मांगों में पंचायत चुनाव कराना प्रमुख था। इसके अलावा गौरा विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत, छुट्टा जानवरों से निजात और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया व बभनजोत में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग शामिल थी। बाढ़ और जर्जर बिजली तारों का मुद्दा सपा नेताओं ने गौरा विधानसभा के कुछ गांवों में बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने और जर्जर बिजली तार बदलने की मांग भी रखी थी। उनका कहना था कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति ठीक नहीं है। इन समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने उठाने के लिए वे ज्ञापन देना चाहते थे। विजय यादव बोले- हमारी आवाज दबाई जा रही लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विजय यादव ने कहा, "योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और हम लोगों के भी मुख्यमंत्री हैं। हम अपनी मांगों को लेकर उनसे मिलना और ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन पुलिस हमारी आवाज दबाने का काम कर रही है। हमें मिलने नहीं दिया जा रहा। यह लोकतंत्र की हत्या है।" उन्होंने कहा कि कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर सरकार का ध्यान नहीं जा रहा है। अमर यादव और महेश वर्मा ने भी जताई नाराजगी जिला पंचायत सदस्य अमर यादव ने कहा कि गौरा विधानसभा क्षेत्र में लोगों को ठीक से शिक्षा और इलाज नहीं मिल पा रहा है। कई सड़कें खराब हैं और बाढ़ के कारण भी लोगों को परेशानी होती है। इन्हीं समस्याओं को लेकर वे मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे। वहीं, जिला सचिव महेश वर्मा ने भी आरोप लगाया कि पुलिस उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)