सीतापुर में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू:पूर्व सपा विधायक बोले- बेरोजगारों की आवाज विधान परिषद में उठेगी

Oct 23, 2026 - 10:08
0
सीतापुर में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू:पूर्व सपा विधायक बोले- बेरोजगारों की आवाज विधान परिषद में उठेगी
सीतापुर। लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को जिले में सुबह 8 बजे से केन्द्रो पर मतदान शुरू हो गया। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। डीएम और एसपी ने राजकीय इंटर कॉलेज मैदान स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिले में बनाए गए 21 मतदान केंद्रों के 72 पोलिंग बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चुनाव में जिले के कुल 45,213 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 40,600 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 4,613 मतदाता शामिल हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। बेरोजगारी का मुद्दा उठाने की उम्मीद पूर्व सपा विधायक और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने भी शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में मतदान किया। वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन का चुनाव पढ़े-लिखे युवाओं की आवाज शासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अनूप गुप्ता ने कहा कि देश और प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है। इससे स्नातक युवाओं के मन में निराशा और असंतोष है। उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को शासन तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में निर्वाचित होकर विधान परिषद पहुंचने वाले प्रतिनिधि स्नातक युवाओं की समस्याओं को सदन में उठाएंगे, जिससे सरकार का ध्यान उनकी ओर जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान करने के पीछे उनकी यही सोच है कि बेरोजगार युवाओं की आवाज शासन तक पहुंचे और उनके भविष्य के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। जिले में मतदान को लेकर प्रशासन सतर्क है। अधिकारी लगातार केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User