स्मोकिंग से घट रही फर्टिलिटी,मर्दानगी से जोड़ना गलत:फेफड़ों के साथ रिप्रोडक्टिव हेल्थ पर भी असर, KGMU में पहला ब्रोंकोस्कोपिक थर्मल वेपर एब्लेशन सिस्टम स्थापित
स्मोकिंग सिर्फ फेफड़ों को ही नुकसान नहीं पहुंचा रही, बल्कि पुरुषों की प्रजनन क्षमता पर भी असर डाल रही है। इससे बांझपन और पुरुषों में यौन कमजोरी की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में सिगरेट पीने को मर्दानगी से जोड़कर देखना गलत है। स्मोकिंग का असर शरीर के कई अंगों पर गंभीर रूप से पड़ता है। फेफड़ों को नुकसान पहुंचने से सांस लेने में परेशानी बढ़ती है। यह कहना है KGMU के पल्मोनरी मेडिसिन और क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. वेद प्रकाश का। वर्ल्ड COPD डे की पूर्व संध्या पर वो KGMU में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि COPD के मरीजों में संक्रमण और दूसरी दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं। फिक्र को धुएं में उड़ाएं, लेकिन धुआं अंदर न लें डॉ.वेद प्रकाश ने कहा कि पुरानी कहावत है कि फिक्र को धुएं में उड़ा दो। इस कहावत को अब बदलने की जरूरत है। फिक्र को जरूर धुएं में उड़ाइए, लेकिन धुआं अपने अंदर मत लीजिए। क्योंकि धूम्रपान सेहत के लिए गंभीर खतरा है। अगर धुएं को अंदर लिया तो फिक्र खत्म होने के बजाय कई नई परेशानियां खड़ी हो सकती हैं। फेफड़े इतने फूल जाते हैं कि सांस लेने की जगह नहीं बचती डॉ.वेद प्रकाश ने बताया कि COPD में मरीज के फेफड़े इतने ज्यादा फूल जाते हैं कि वे छाती के अंदर की जगह को पूरी तरह घेर लेते हैं। ऐसे में मरीज पूरी सांस लेने के बाद दोबारा सांस लेने की कोशिश करता है, लेकिन फेफड़ों में हवा के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। इससे सांस लेने में काफी परेशानी होती है। पहले ऐसे गंभीर मरीजों के फेफड़ों के खराब हिस्से को सर्जरी के जरिए काटकर निकालना पड़ता था। वेपर से खराब हिस्से को किया जा रहा खत्म डॉ.वेद प्रकाश ने बताया कि KGMU के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग में उत्तर भारत का पहला ब्रोंकोस्कोपिक थर्मल वेपर एब्लेशन सिस्टम स्थापित किया गया है। इस तकनीक से COPD के मरीजों के फेफड़ों के खराब हिस्से को वेपर के जरिए खत्म किया जाता है। इससे फेफड़ों में हवा के लिए जगह बनाने में मदद मिलती है और मरीजों को सांस लेने में राहत मिलती है। विभाग में अब तक कई मरीजों का इस तकनीक से थर्मल एब्लेशन किया जा चुका है। मरीजों को इसका फायदा भी मिला है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)