संभल शाही जामा मस्जिद में जुमे की नमाज:800 से 900 नमाजी पहुंचे, तीन रास्तों पर बैरिकेडिंग
संभल के मोहल्ला कोर्ट स्थित विवादित शाही जामा मस्जिद में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। दोपहर 1:40 बजे शाही इमाम मौलाना आफताब हुसैन वारसी ने खुत्बे के बाद नमाज अदा कराई। इस दौरान करीब 800 से 900 नमाजी मस्जिद पहुंचे। नमाजियों ने देश में अमन, शांति और भाईचारे के लिए दुआ मांगी। नमाज के बाद सभी लोग अपने-अपने घरों को लौट गए। जुमे की नमाज अदा करने पहुंचे जमाल ने बताया कि नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने कहा, “बढ़िया शांति से नमाज अदा हुई है। मस्जिद में आने वाले लोग शांति पसंद होते हैं। हर जुमे को जिस तरह नमाज होती है, उसी तरह इस बार भी नमाज हुई। आगे भी इंशाअल्लाह शांति बनी रहेगी।” वहीं, नमाजी इरशाद हुसैन गाजी ने कहा कि मौसम अच्छा होने के कारण इस बार नमाज अदा करने के लिए सामान्य से अधिक लोग पहुंचे। उन्होंने बताया कि नमाज अच्छी तरह संपन्न हुई और उन्हें लगा कि इस शुक्रवार को पिछले जुमे के मुकाबले नमाजियों की संख्या अधिक थी। आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी जिला न्यायालय में मामले पर फैसला सुरक्षित रखे जाने के बाद प्रशासन ने मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। मस्जिद की ओर जाने वाले तीनों रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स (आरआरएफ), प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) और तीन थानों की पुलिस तैनात रही। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से क्षेत्र की निगरानी की गई। गौरतलब है कि नवंबर 2024 में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा हुई थी। प्रशासन ने राहत की सांस ली इसके बाद से ही प्रशासन संवेदनशील मौकों पर विशेष सतर्कता बरत रहा है। शुक्रवार को नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने और नमाजियों के सुरक्षित घर लौटने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)