डीएपी के लिए किसान सुबह से कतार में:इफको केंद्र पर 300 से 500 किसान, टोकन 100 से 200 को; सुबह 6 बजे से इंतजार

Oct 30, 2026 - 15:22
0
डीएपी के लिए किसान सुबह से कतार में:इफको केंद्र पर 300 से 500 किसान, टोकन 100 से 200 को; सुबह 6 बजे से इंतजार
खेतों में आलू और गेहूं की बुवाई का समय है, लेकिन किसानों को डीएपी खाद के लिए सुबह से शाम तक कतारों में खड़े रहना पड़ रहा है। करहल में जैन इंटर कॉलेज के निकट स्थित इफको केंद्र पर खाद लेने पहुंचे सैकड़ों किसान परेशान हैं। सुबह 6 बजे से लाइन में लगे किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही। किसानों का कहना है कि केंद्र पर करीब 300 से 500 किसान मौजूद हैं, जबकि टोकन महज 100 से 200 लोगों को ही दिए जा रहे हैं। ऐसे में खाद की किल्लत ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पटारा गांव के किसान रामनरेश जरूरी कागजात लेकर सुबह 6 बजे से कतार में लगे हैं। दोपहर 2 बजे तक भी उन्हें खाद नहीं मिल सकी। किसानों का कहना है कि आलू और गेहूं की बुवाई के लिए डीएपी बेहद जरूरी है। समय पर खाद नहीं मिली तो फसलों की बुवाई प्रभावित होने का डर है। किसान आदेश ने बताया कि सुबह से लाइन में लगे रहने के बावजूद खाद नहीं मिल पा रही है। केंद्र पर मनमाने तरीके से वितरण किए जाने की शिकायत करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को पहले से स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए कि कितने लोगों को खाद दी जाएगी। उनकी मांग है कि सभी किसानों को टोकन मिले, भले ही खाद आज की जगह अगले दिन या उसके बाद मिले, लेकिन किसी को खाली हाथ न लौटना पड़े। किसान इतवारी लाल ने सरकार के खाद उपलब्ध होने के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर किसानों को पर्याप्त खाद मिल रही है तो उन्हें घंटों लाइन में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है। किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं, किसानों का कहना है कि पिछले दो दिनों से मौसम भी खराब चल रहा है। ऐसे में खाद के लिए घंटों खुले में इंतजार करना उनकी परेशानी को और बढ़ा रहा है। किसानों ने मांग की है कि केंद्र पर खाद की आपूर्ति बढ़ाई जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User