संभव खंडेलवाल की मौत के आरोपी की शराब पार्टी, VIDEO:लड़कियों के साथ झूमता दिखा, कानपुर में 6वीं मंजिल से गिरा था
कानपुर में कागज कारोबारी के बेटे संभव की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। आरोपों से घिरे उडानी परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को संभव की गर्लफ्रेंड सुहानी के सौतेले पिता ने आरोपी प्रवीण उडानी के कुछ वीडियो शेयर किए। इनमें प्रवीण डिस्कोथेक में शराब के नशे में लड़कियों के साथ डांस करता नजर आ रहा है। वीडियो में सुहानी की मां मनीषा भी दिखाई दे रही हैं। कपड़ा कारोबारी विशाल भंभानी ने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवीण अय्याश किस्म का युवक है। उसे महंगी शराब का शौक है। शराब के नशे में वह अक्सर लोगों से विवाद करता है। विशाल ने बताया कि यह वीडियो दिल्ली के SOHO क्लब का है। दावा किया कि प्रवीण ने क्लब में शराब पार्टी आयोजित की थी। देखिए आरोपी प्रवीण उडानी की अय्याशी की तीन तस्वीरें… सौतेले पिता बोले-बेटे से मिलने नहीं देती मनीषा, झगड़ती है 1 मिनट 2 सेकेंड के इस वीडियो में प्रवीण क्लब के बाहर कार में बैठा नजर आ रहा है। उसके हाथ में महंगी शराब की बोतल है। क्लब में दाखिल होते ही डीजे स्क्रीन पर ‘वेलकम टू SOHO प्रवीण उडानी’ लिखा दिखाई देता है। क्लब में आतिशबाजी होती है। कई लड़कियां डांस करती नजर आती हैं। वहीं, प्रवीण एक हाथ में शराब की बोतल और दूसरे में हुक्का लेकर डांस करता दिख रहा है। क्लबों में पार्टी करते हुए प्रवीण के कई वीडियो सामने आ चुके हैं। इधर, कपड़ा कारोबारी विशाल ने पत्नी मनीषा और प्रवीण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विशाल का कहना है कि मनीषा पिछले चार साल से उनसे अलग रह रही हैं। इस वजह से वह अपने 9 साल के बेटे से भी नहीं मिल पाते। विशाल के मुताबिक, वह हर सप्ताह पांच घंटे का सफर तय कर कानपुर आते हैं। लेकिन मनीषा उन्हें बेटे के साथ समय नहीं बिताने देतीं। वह किसी न किसी बहाने विवाद करती हैं और बेटे को अपने साथ ले जाती हैं। कपड़ा कारोबारी विशाल ने दैनिक भास्कर टीम के साथ कुछ ऐसे वीडियो भी साझा किए, जहां बेटे से मिलने के लिए पहुंचने पर मनीषा उनसे झगड़ते दिख रही है। झगड़े की सूचना पर पुलिस और विशाल के वकील मौके पर पहुंचे, जहां मनीषा और प्रवीण कहते दिख रहे हैं कि– ये क्या कर लेंगे, इनकी दीपावली तो मैं जेल मनवाऊंगी। विशाल ने बताया कि वह जब भी बेटे से मिलने कानपुर आते तो मनीषा उनके साथ लड़ती–झगड़ती। आए दिन के झगड़े से तंग आकर 2022 में अलग हो गई थीं एक बार वह अपने पिता और छोटे भाई के साथ कानपुर के जेड स्क्वायर मॉल में बेटे से मिलने पहुंचे थे, जहां मनीषा ने खूब तमाशा किया और उनके परिजनों को बेटे से मिलने नहीं दिया। वहीं विशाल ने 22 सेकेंड का एक और भावुक वीडियो दैनिक भास्कर के साथ साझा किया, जिसमें विशाल अपने बेटे को Poem सिखाते नजर आ रहे हैं, विशाल ने बताया कि उस समय बेटे की उम्र तीन साल थी। उनका आरोप था कि 2015 में शादी के कुछ समय बाद मनीषा छोटी–छोटी बातों को लेकर झगड़ा करने लगती थी, लेकिन वह अपने बेटे की वजह से चुप्पी साध जाते थे। लेकिन मनीषा की स्वभाव दिन प्रतिदिन परिवार के प्रति रुखा होता चला गया, जिसके बाद वर्ष 2022 में वह पत्नी से अलग हो गए। उन्होंने कहा कि मनीषा कानपुर के किसी युवक से संपर्क में थी, जिसकी बातों में आकर वह अक्सर विवाद करती थीं। अलग होने के बाद मनीषा ने उन पर एक के बाद एक तकरीबन 12 मुकदमें दर्ज कराएं, जिनमें अधिकांश मुकदमों में उन्हें बरी कर दिया गया था। शादी डॉट कॉम के जरिए मनीषा से हुई थी मुलाकात मध्य प्रदेश के सतना जिले के रहने वाले विशाल कपड़ा कारोबारी हैं। उन्होंने बताया कि मनीषा से उनकी मुलाकात शादी डॉट काॅम के जरिए हुई थी। मनीषा की पी रोड निवासी युवक से पहली शादी हुई थी, अक्टूबर 2013 में दोनों का तलाक हो गया था। 14 फरवरी 2015 को उनकी शादी हुई थी। विशाल ने बताया कि उनकी और मनीषा की यह दूसरी शादी थी। 18 अप्रैल 2017 को उनके बेटे कबीर का जन्म हुआ था, सुहाना उनकी सौतेली बेटी है। विशाल ने पत्नी मनीषा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पत्नी किसी अन्य युवक के संपर्क थी, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। जिसके बाद वर्ष 2022 में दोनों अलग हो गए, उनका केस कोर्ट में चल रहा है। यह था पूरा प्रकरण… 14 नवंबर को को संभव अपनी दोस्त सुहाना से मिलने उसके मामा प्रवीण के बिठूर स्थित रुद्रा अपार्टमेंट गया था और शाम चार बजे के आसपास छठवीं मंजिल से गिरकर उसकी मौत हो गई थी। सुहाना ने संभव के परिजन और पुलिस को बताया था कि 10 साल के छोटे भाई के साथ गेंद खेलते हुए संभव बालकनी तक पहुंच गया था और वहीं दीपक का तेल फैला हुआ था, जिसमें पैर फिसलने से संभव बालकनी से नीचे जा गिरा था। पुलिस प्रवीण, उसकी बहन, भांजी सुहाना और भांजे से दो दिन में करीब 40 सवाल कर चुकी है, लेकिन मामला हादसे से आगे नहीं बढ़ सका। बुधवार देर रात कागज कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इन धाराओं में दर्ज हुई FIR 103 (1) - यह हत्या के अपराध के लिए दंड से संबंधित है, इसमें फांसी या फिर आजीवन कारावास की सजा के साथ जुर्माना भी संभव है। 351(3) - जान से मारने की धमकी, सात साल की सजा और जुर्माना।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)