सहारनपुर में महिला को बाल पकड़कर घसीटकर बेरहमी से पीटा:पीड़िता बोली–15 साल पहली हुई थी निकाह, दीवार में कई बार सिर मारा; मुकदमा दर्ज
सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से निकालने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के लोग उससे लगातार मायके से रुपए लाने का दबाव बना रहे थे। पहले 50 हजार रुपए की मांग की गई और अब एक लाख रुपए लाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। विरोध करने पर पति, सास, दो ननद और देवर ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि ननदों और सास ने बाल और पैर पकड़कर उसे जमीन पर घसीटा, जबकि पति और देवर ने छाती-पेट में लात-घूंसे मारे। पति ने बाल पकड़कर उसका सिर कई बार दीवार में मारा, जिससे वह बेहोश हो गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। देवबंद थाना क्षेत्र के खेड़ा मुगल निवासी शाइस्ता ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी करीब 15 साल पहले जावेद से हुई थी। जावेद से उसकी दो बेटियां हैं। करीब 10 साल पहले जावेद की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद परिवार की सहमति से उसका निकाह जावेद के भाई आसिफ के साथ करा दिया गया। महिला के अनुसार, निकाह के समय उसके मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार घरेलू सामान, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। इसके बावजूद शादी के बाद से ही पति आसिफ उसे ताने देने लगा कि उसके परिवार ने शादी में कुछ नहीं दिया। वह मायके से 50 हजार रुपए लाने का दबाव बनाने लगा। महिला ने बताया कि उसने पति से कहा कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है और मायके वालों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे इतनी बड़ी रकम दे सकें। परिवार की हैसियत के अनुसार जो संभव होगा, वे देते रहेंगे। आरोप है कि रुपए देने से इनकार करने पर पति उसके साथ मारपीट करता था। सास आमना भी उसे ताने देती थी और बेटे का पक्ष लेकर प्रताड़ित करती थी। ननदों फिरदोस व शबाना और देवर शावेज पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया है। पहले महिला थाने में दी थी शिकायत, गांव के लोगों ने कराया था समझौता शाइस्ता के अनुसार, ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने 17 अप्रैल 2026 को महिला थाना सहारनपुर में भी शिकायत दी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया था, लेकिन आरोपी महिला थाने नहीं पहुंचे। इसके बाद गांव के मौजिज लोगों ने बीच में पड़कर उसका पति के साथ समझौता करा दिया था। उस समय ससुराल पक्ष ने भरोसा दिया था कि भविष्य में न तो दहेज की मांग की जाएगी और न ही उसके साथ मारपीट होगी। इसके बाद वह दोबारा अपनी ससुराल चली गई थी। हालांकि, महिला का आरोप है कि समझौते के बाद भी ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला और वे लगातार मायके से रुपए लाने के लिए दबाव बनाते रहे। एक लाख रुपए नहीं देने पर कमरे में घुसकर पीटा महिला ने आरोप लगाया कि 16 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे वह अपने कमरे में घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान पति आसिफ, सास आमना, दोनों ननदों और देवर ने एकराय होकर कमरे में आकर मायके से एक लाख रुपए लाने का दबाव बनाया। उसने मायके वालों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कहते हुए रकम देने में असमर्थता जताई। इस पर सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सास और ननदों ने उसके बाल और पैर पकड़कर जमीन पर घसीटा। पति और देवर ने छाती और पेट में लात-घूंसे मारे। इसके बाद पति ने बाल पकड़कर उसका सिर कई बार दीवार में मारा। गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गई। भाई को फोन किया तो मोबाइल छीना, मां और भाइयों के सामने भी मारपीट शाइस्ता के मुताबिक, कुछ देर बाद उसे होश आया तो उसने किसी तरह अपने भाई रहमान को फोन कर घटना की जानकारी दी। आरोप है कि ससुराल वालों ने उससे मोबाइल छीन लिया। करीब आधे घंटे बाद उसका भाई रहमान, मां फरीदा और एक अन्य भाई सादिक ससुराल पहुंच गए। उस समय भी आरोपी उसके साथ मारपीट कर रहे थे और वह घायल अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। मायके वालों ने आरोपियों को समझाते हुए उसका इलाज कराने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद पति और सास ने उसे धक्के देकर मां और भाइयों के साथ घर से निकाल दिया। इस दौरान उसकी मां के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। महिला का कहना है कि मायके वाले उसे लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां भी आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपना इलाज भी नहीं करा सकी। उसने बताया कि छाती पर लगी चोटों के कारण अब भी सांस लेने में परेशानी हो रही है और आंखों में खून जमा होने से दिखाई देने में दिक्कत हो रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे और घटना के दौरान कह रहे थे कि आज इसे जान से खत्म कर दो। एसएसपी से शिकायत कर शाइस्ता ने पति आसिफ, सास आमना, ननदों फिरदोस व शबाना और देवर शावेज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई की जानी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)