संतान नहीं होने पर प्रताड़ना, पति समेत 5 पर केस:मां ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया, फंदे पर मिला था शव
हरदोई के चांद बेहटा मोहल्ले में फंदे पर लटकी मिली मनोरमा (36) की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतका की मां ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। 18 साल पहले हुई थी शादी, संतान न होने पर प्रताड़ना का आरोप कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के नादेमऊ की रहने वाली रन्नो देवी पत्नी महेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मनोरमा की शादी करीब 18 साल पहले हरदोई के चांद बेहटा मोहल्ले के रहने वाले ओमेंद्र पुत्र उमेश चंद्र से की थी। रन्नो देवी का आरोप है कि शादी के इतने साल बाद भी संतान न होने के कारण ससुराल वाले मनोरमा को लगातार परेशान करते थे। पति ओमेंद्र भी आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर सात नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच मनोरमा का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला। मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया घटना की जानकारी मिलने पर मनोरमा की मां और अन्य परिजन उसकी ससुराल पहुंचे। वहां उन्हें मनोरमा का शव मर्चरी में मिला। तहरीर के मुताबिक, ननद शिल्पी ने अन्य परिजनों की मदद से उसे फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति, सास-ससुर और ननद समेत पांच पर रिपोर्ट शहर कोतवाली प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर पति ओमेंद्र कुमार, सास संतोषी, ससुर उमेश चंद्र और ननद शिल्पी समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सोमवार को दोपहर 3:46 बजे केस दर्ज हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)