पिता बोले- विधायक ने कराई बेटे की हत्या:दो युवतियां भी साजिश में शामिल, प्रयागराज में फंदे पर लटका मिला था छात्र
प्रयागराज में आईएएस की तैयारी कर रहे बाराबंकी निवासी अभिनय यादव उर्फ विराट की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना के करीब एक सप्ताह बाद कैंट थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज होने के बाद अब मृतक के पिता एवं अधिवक्ता अजय यादव ने एक विधायक, उनके भाई और समधी पर बेटे की हत्या कराने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बाराबंकी में 12 साल पुराने जमीन विवाद की पैरवी छोड़ने के लिए उन्हें धमकियां दी जा रही थीं। इसी रंजिश में उनके इकलौते बेटे की हत्या कराई गई। पिता ने वीडियो जारी करते हुए दावा किया कि बेटे की हत्या की साजिश में दो युवतियां भी शामिल हैं। आरोप लगाया कि उनके विरोधियों ने दोनों युवतियों को पैसे व गहने देकर उनका इस्तेमाल किया। 12 साल पुराने जमीन विवाद में मिल रही थीं धमकियां पिता के मुताबिक, बाराबंकी के लहसनौली उमरपुर में अनुसूचित जाति के 20 से 25 परिवारों की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वह पिछले 12 वर्षों से इन परिवारों की कानूनी पैरवी कर रहे थे। उनका दावा है कि हाल में इस मामले में उनके पक्ष में आदेश हुआ था। इसके बाद से उन्हें मुकदमे से हटने के लिए धमकियां दी जा रही थीं। अजय यादव ने बताया कि 17 सितंबर 2026 को उन्होंने तत्कालीन एसपी बाराबंकी को प्रार्थनापत्र देकर विधायक, उनके भाई और अन्य लोगों से जान का खतरा जताया था। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। दो युवतियों को पैसे और गहने देने का दावा अजय यादव ने आरोप लगाया कि अभिनय की मौत से पहले दो युवतियों को पैसे दिए गए थे। इनमें से एक युवती को गोंडा बाजार स्थित अग्रवाल ज्वेलर्स से गहने खरीदवाए गए। पिता ने ज्वेलरी के बैग और कुछ तस्वीरें दिखाते हुए दावा किया कि युवती को इस पूरे घटनाक्रम में इस्तेमाल किया गया। उनके मुताबिक, युवती लखनऊ में करीब 10 हजार रुपये महीने के किराये पर रहती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उसे लखनऊ में कार से भी घुमाया जाता था। पिता ने दूसरी युवती को भी पैसे दिए जाने की बात कही। उनका दावा है कि इनमें से एक युवती 22 अक्टूबर से कॉलेज भी नहीं गई थी। इनमें से ही एक युवती ने इंस्टाग्राम के जरिए उनके बेटे से दोस्ती गांठी और फिर उसकी हत्या में शामिल रही। रात 1:20 बजे आया फोन, तीन बजे मिली मौत की सूचना पिता ने बताया कि 23 अक्टूबर की रात करीब 1:20 बजे एक युवती ने फोन कर कहा था कि उनके बेटे की जान खतरे में है। पूछने पर उसने कथित तौर पर बताया कि उसे सपने में ऐसा दिखा है। इसके बाद उन्होंने अभिनय को कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। करीब तीन बजे मकान मालिक के बेटे ने फोन कर बताया कि अभिनय पंखे से लटका हुआ है। अजय यादव का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें घटना की सूचना नहीं दी। वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे परिवार के 12 लोगों के साथ प्रयागराज पहुंचे। तब उन्हें पता चला कि बेटे का शव एसआरएन अस्पताल की मर्चरी में रखा गया है। शव पर चोट के निशान मिलने का दावा अजय यादव के मुताबिक, थाने में उन्हें बताया गया कि फोरेंसिक टीम ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा था। उन्होंने बताया कि बेटे का शव देखने पर गर्दन के पीछे और बीच में चोट के निशान दिखाई दिए। होंठ के नीचे भी कटे होने का निशान था। पिता का आरोप है कि बेटे की हत्या कर शव को पंखे से लटकाया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। 7 दिन बाद दर्ज हुई थी हत्या की FIR गौरतलब है कि अभिनय की मौत के मामले में पिता की तहरीर पर कैंट थाने में घटना के करीब एक सप्ताह बाद हत्या की एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें मकान मालिक के परिवार के कुछ लोगों, एक युवती और अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। पिता का आरोप है कि अब तक इस माममे में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उधर कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया, एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। विधायक पर पिता के आरोप के संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है। न ही पिता ने ऐसी कोई शिकायत दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)