सोनभद्र में छठ पूजा स्थल पर दोबारा कब्जे का आरोप:पोखरे में फेंक रहे गोबर, समिति ने एसडीएम से की शिकायत

Nov 12, 2026 - 11:50
0
सोनभद्र में छठ पूजा स्थल पर दोबारा कब्जे का आरोप:पोखरे में फेंक रहे गोबर, समिति ने एसडीएम से की शिकायत
सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पड़री कला गांव में छठ पूजा स्थल पर दोबारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। पोखरे में गोबर फेंके जाने से पानी दूषित हो गया है। छठ पर्व नजदीक होने के कारण व्रती महिलाओं और ग्रामीणों ने चिंता जताई है। छठ पूजा समिति ने उपजिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर अतिक्रमण हटाने और पोखरे की सफाई कराने की मांग की है। समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक, गांव की सरकारी जमीन पर दुर्गा मंच, यात्री शेड और छठ पूजा स्थल बना हुआ है। ग्राम पंचायत निधि से परिसर का सुंदरीकरण कराया गया है और चारों तरफ बाउंड्री भी बनी है। यहां हर साल बड़ी संख्या में महिलाएं छठ व्रत करती हैं। रात में देवी जागरण का आयोजन भी होता है। 10 अक्टूबर को हटाया था अतिक्रमण समिति का कहना है कि उपजिलाधिकारी के आदेश पर 10 अक्टूबर 2026 को पूजा स्थल से अतिक्रमण हटाया गया था। आरोप है कि कुछ घंटे बाद उसी रात दोबारा कब्जा कर लिया गया। परिसर में भैंस बांधी जा रही है और उसका गोबर पोखरे में फेंका जा रहा है। दूषित पानी में व्रतियों के स्नान की चिंता समिति के सदस्यों के मुताबिक, छठ के दौरान व्रती महिलाएं इसी पोखरे में स्नान कर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं। पानी दूषित होने और घाट पर कब्जे से पूजा की तैयारियों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने समय रहते घाट को कब्जे से मुक्त कराने और पोखरे की सफाई कराने की मांग की है। जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग छठ पूजा समिति के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष मुलायम सिंह और मेराज, कोषाध्यक्ष आदर्श पांडेय तथा सचिव कृष्ण कुमार मौर्य ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। राजकुमार मौर्य, दिलीप सिंह, सुनील बिंद, राजेश्वर सिंह और अशोक बिंद समेत अन्य सदस्यों ने कब्जा करने के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User