सोनभद्र में सायरन बजते ही पुलिस लाइन में ब्लैकआउट:एयर रेड मॉक ड्रिल के दौरान बचाव और राहत कार्यों का अभ्यास

Nov 22, 2026 - 20:56
0
सोनभद्र में सायरन बजते ही पुलिस लाइन में ब्लैकआउट:एयर रेड मॉक ड्रिल के दौरान बचाव और राहत कार्यों का अभ्यास
सोनभद्र में रविवार को पुलिस लाइन चुर्क में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। इस दौरान सायरन बजाकर हवाई हमले की काल्पनिक चेतावनी दी गई। इसके बाद ब्लैकआउट कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। डीएम चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन, स्वास्थ्य और नागरिक सुरक्षा विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल की। मॉक ड्रिल में हवाई हमले के बाद पैदा होने वाली परिस्थितियों का काल्पनिक दृश्य तैयार किया गया। इसमें घायलों की तलाश, उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने, घटनास्थल की घेराबंदी और राहत-बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाने के तरीके बताए। साथ ही गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा बरतने और आग बुझाने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। चिकित्सा टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने, उनकी गंभीरता के अनुसार वर्गीकरण (ट्रायेज) करने और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। धुएं से बचाव और क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि आपदा के समय शुरुआती प्रतिक्रिया बेहद महत्वपूर्ण होती है। त्वरित कार्रवाई, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जनजागरूकता से जनहानि को कम किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को मॉक ड्रिल के दौरान सामने आई कमियों का आकलन कर उनमें सुधार करने और संसाधनों को हमेशा तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसे महज औपचारिकता न मानकर वास्तविक आपात स्थिति से निपटने की तैयारी के रूप में लिया जाना चाहिए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि आपात परिस्थितियों में पुलिस की तत्परता और अन्य विभागों के साथ समन्वय जरूरी है। इस दौरान ASP ऋषभ रुणवाल, ASP वागीश कुमार शुक्ला सहित पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, फायर सर्विस, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, एनसीसी और स्काउट-गाइड के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि आपातकालीन चेतावनी मिलने पर घबराएं नहीं। सुरक्षित स्थान पर शरण लें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। अफवाहों से बचें और अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित न करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User