सुल्तानपुर में राहुल पर फैसला आने के बाद बजे ढोल-नगाड़े:पूर्व मंत्री ने 300 से अधिक गाड़ियों के काफिले से दिखाई ताकत
सुल्तानपुर कोर्ट में आए सांसद राहुल गांधी का पूर्व मंत्री ओपी सिंह ने 51 किलो की माला के साथ स्वागत किया। ब्राह्मणों ने शंख बजाए। जैसे ही पूर्व मंत्री ने राहुल के सम्मान में नारा लगाया वैसे ही राहुल गांधी ने उन्हें पानी की एक बॉटल देकर कहा आप पानी पीजिए। ये दृश्य था सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कूरेभार स्थित मुजेश का। पूर्व मंत्री ओपी सिंह यहां 300 से अधिक गाड़ियों और 4 हजार समर्थकों के साथ अपनी ताकत दिखाने पहुंचे थे। इसपर राहुल गांधी ने कहा कि आपने अच्छा किया है। इससे पहले 6 अक्टूबर को ओपी सिंह स्वामी प्रसाद मौर्या के साथ दिल्ली में राहुल-प्रियंका से मिले थे। जहां उन्होंने पार्टी ज्वाइन की थी। ओपी सिंह जयसिंहपुर सीट से दो बार विधायक रहे हैं और बसपा सरकार में मंत्री रहे हैं। आतिशबाजी कर नाचे कांग्रेसी अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी पर चल रहे मामले में आज एमपी/एमएलए कोर्ट का आज फैसला आना था। जिसमें राहुल गांधी स्वयं कोर्ट में हाजिर हुए थे। अपने नेता के आने पर कांग्रेसी काफी उत्साहित नजर आए। फैसला आते ही ऐसा महसूस हुआ कि कांग्रेसियों को पहले से यक़ीन था कि निर्णय जीत वाला होगा। हुआ भी यही, जैसे ही निर्णय की खबर आई बाहर ढ़ोल नगाड़े बजने लगे, कांग्रेसियों ने पटाखे दागे और सत्यमेव जयते के नारे लगाए। 40 मिनट सुल्तानपुर में रुके राहुल फैसला आने के बाद राहुल गांधी पूर्व राष्ट्रीय सचिव बीपी सिंह के बाईपास स्थित एनपीएस लॉ कॉलेज चांदपुर पर जाकर 40 मिनट तक रुके। उन्होंने अपने अधिवक्ता काशी प्रसाद और उनके जूनियर्स के साथ बातचीत की। चाय नाश्ता करके वो निकल गए। वही कोर्ट का फैसला आने के बाद कांग्रेस नेताओं का बयान भी सामने आया है। राहुल गांधी को पिछले आठ सालों तक बेवजह परेशान किया
दीवानी कोर्ट में जैसे ही फैसला आया कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने कहा कि हम शुरू से यह मानते आए हैं कि राहुल गांधी निर्दोष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसकी विचारधारा से जुड़े लोगों ने राहुल गांधी को पिछले आठ सालों तक बेवजह परेशान किया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपी को बचाने की कोशिश करने वाली और चुनाव आयोग के जरिए वोट चोरी करने वालों को संरक्षण देने वाली ताकतें हमेशा से राहुल गांधी के पीछे पड़ी थीं ताकि देश के असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाया जा सके। इंडिया गठबंधन फेविकोल से भी ज्यादा मजबूत
दीपक सिंह ने उत्साह जताते हुए कहा कि आज राहुल गांधी की जीत हुई है और उनके चाहने वाले करोड़ों देशवासी इस जश्न में डूबे हुए हैं। यह राहुल गांधी की जीत का सिलसिला है, और अब देश में भारतीय जनता पार्टी व नरेंद्र मोदी-अमित शाह के पतन का दौर शुरू हो चुका है।
आगामी विधानसभा चुनावों और विपक्षी गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन इंडिया फेविकोल से भी ज्यादा मजबूत है और भाजपा के अहंकार को पूरी तरह चकनाचूर कर देगा। सीटों के बंटवारे पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन की उच्चाधिकार और शीर्ष नेतृत्व समितियां ही इस पर अंतिम फैसला लेंगी। कांग्रेस के लिए आज दीवाली कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेश तिवारी ने कहा कि भले ही दीवाली 10 दिन बाद हो, लेकिन कांग्रेस के लिए दीवाली आज ही आ गई है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो राहुल गांधी पूरे देश में एकता, प्रेम और नफरत को हराने की बात करते हैं, उन पर मजहबी भाषण देने और झूठे आरोप लगाने का प्रयास किया गया। राजेश तिवारी ने कहा कि न्यायपालिका ने आज मोदी एंड कंपनी के षड्यंत्र और कुटिल राजनीति पर करारा तमाचा मारा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में राहुल गांधी के नेतृत्व में नफरत, प्रपंच और तानाशाही की राजनीति का अंत निश्चित है।
अधिवक्ता व कांग्रेस के नगर पालिका प्रत्याशी रह चुके वरुण मिश्रा ने कहा कि आज का दिन सत्य की जीत का दिन है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उन्हें और उनकी उम्मीदवारी को परेशान करने की कोशिश की गई थी। उन्होंने न्यायालय के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि न्यायपालिका ने आज तमाम कुतर्कों को दरकिनार करते हुए यह साबित कर दिया है कि चुनावी परिप्रेक्ष्य में की गई टिप्पणियों के लिए इस तरह के मुकदमे दर्ज करना गलत है। कोर्ट ने अपनी शक्ति का इस्तेमाल कर यह स्पष्ट कर दिया है कि बिना किसी ठोस वजह के किसी बड़े नेता को परेशान करना न्यायसंगत नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)