सुरेश रैना ने CSK से मांगी कोचिंग की जिम्मेदारी:कहा- फ्रेंचाइजी से बात की, अब फैसला उन्हें लेना है; धोनी के साथ 4 IPL खिताब जीत चुके
पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कोचिंग स्टाफ से जुड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने फ्रेंचाइजी से कोचिंग में जगह देने की मांग भी की है। हालांकि, अब तक उन्हें इस बारे में कोई जवाब नहीं मिला है। रैना ने CSK में पूर्व साथी रहे रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा- 'मैंने अपनी इच्छा बता दी है और अब फैसला CSK को करना है।' रैना ने कहा कि वे टीम के साथ किसी भी भूमिका में जुड़ना चाहेंगे। उनके लिए सबसे अहम बात चेन्नई के साथ रहना और टीम को ट्रॉफी जिताने में मदद करना है। CSK के लिए 16-17 साल IPL खेले रैना रैना ने बातचीत में कहा- 'मैंने IPL में करीब 16-17 साल क्रिकेट खेला है। CSK के लिए काफी रन बनाए, फाइनल खेले और कई दबाव वाले मुकाबलों में टीम को संभाला। अब यह उनकी टीम है और हम दोनों (रैना और अश्विन) अब संन्यास ले चुके हैं।' रैना बोले- पील जर्सी मेरे लिए बहुत मायने रखती है रैना ने कहा कि CSK की पीली जर्सी उनके लिए बहुत मायने रखती है। उन्होंने कहा- ‘मैं उनके साथ किसी भी भूमिका में काम करना पसंद करूंगा। मेरे लिए सबसे जरूरी है कि मैं खिलाड़ियों के साथ रहूं और वे ट्रॉफियां जीतें। पीला रंग हमारे लिए सब कुछ है।’ उन्होंने आगे कहा- ‘मैंने इंटरनेशनल क्रिकेट, IPL और वर्ल्ड कप खेले हैं। कई फाइनल खेले, कुछ जीते और कुछ हारे। दबाव में मानसिक रूप से अपना बेस्ट देना सीखा। मैं अपना अनुभव खिलाड़ियों के साथ साझा करना चाहता हूं।’ 2027 IPL से पहले CSK के कोचिंग स्टाफ में बदलाव IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं। स्टीफन फ्लेमिंग की जगह पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच बनाया गया है। वहीं, मोहित शर्मा को गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा गैरेथ बैटी और एल्बी मोर्कल भी असिस्टेंट कोच के रूप में टीम से जुड़े हैं। CSK के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं रैना सुरेश रैना 2008 से 2021 तक CSK से जुड़े रहे। उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए IPL में 4 खिताब और 2 चैंपियंस लीग खिताब जीते। वे CSK के लिए टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। रैना को उनके IPL प्रदर्शन के कारण 'मिस्टर IPL' के नाम से जाना जाता है। संन्यास के बाद वे क्रिकेट एक्सपर्ट और कमेंटेटर के तौर पर काम कर रहे हैं। अब वे CSK के कोचिंग सेटअप से जुड़कर अपना अनुभव टीम के साथ साझा करना चाहते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)