इटावा में रेलवे पुल से टकराया ट्रक, चालक की मौत:केबिन काटकर निकाला गया शव, लखनऊ से ग्वालियर जा रहा था

Nov 04, 2026 - 11:20
0
इटावा में रेलवे पुल से टकराया ट्रक, चालक की मौत:केबिन काटकर निकाला गया शव, लखनऊ से ग्वालियर जा रहा था
इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भरथना-इटावा मार्ग पर सेंट जेवियर स्कूल के सामने डीसीडीएफ रेलवे पुल से पशु आहार लदा ट्रक टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। केबिन काटकर निकाला गया चालक जानकारी के मुताबिक, ट्रक लखनऊ से पशु आहार लेकर ग्वालियर जा रहा था। बुधवार सुबह करीब छह बजे डीसीडीएफ रेलवे पुल पर ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। सूचना मिलते ही इकदिल थाने के उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह और कांस्टेबल अमन मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। कर्मियों ने केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नींद की झपकी आने की आशंका मृतक की पहचान अशोक सिंह (52) पुत्र किशोर भदौरिया, रहने वाले अहेती, फूप, जिला भिंड के रूप में हुई। शुरुआती जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिससे ट्रक पुल से टकरा गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। परिवार में छाया मातम अशोक सिंह अपने पीछे पत्नी सुनीता देवी, दो बेटे रोमी सिंह और अक्षय, बेटी नित्या और मां सुशीला देवी को छोड़ गए हैं। तीन भाइयों में सबसे छोटे अशोक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इकदिल थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शुरुआती जानकारी में चालक को नींद आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User