तबादला सूची बदलने के बाद दो एसडीएम वेटिंग में:पीलीभीत के मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को शुक्रवार नई पोस्टिंग मिली थी
पीलीभीत में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर चर्चा में आए एसडीएम मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी को नई तैनाती देने के बजाय वेटिंग में डाल दिया गया है। शुक्रवार शाम 7 बजे जारी तबादला सूची में दोनों को नई पोस्टिंग दी गई थी। शनिवार सुबह 10 बजे जारी नई सूची में उनका फैसला बदल दिया गया। शुक्रवार की सूची के मुताबिक, मयंक गोस्वामी को लखनऊ के चकबंदी मुख्यालय में बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) और हेमंत चौधरी को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया था। उनकी जगह मंधाता प्रताप सिंह और अजय कुमार को पीलीभीत में एसडीएम की जिम्मेदारी दी गई थी। शनिवार की सूची में दोनों अधिकारियों को प्रतीक्षारत कर दिया गया। इससे शुक्रवार को बताई गई उनकी नई पोस्टिंग लागू नहीं रही।
13,779 फॉर्मों को लेकर विवाद पीलीभीत की सदर विधानसभा सीट के भिखारीपुर गांव और जहानाबाद-कश्मीर क्षेत्र के अमरिया बूथ नंबर 83 की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के आरोप लगे थे। ग्रामीणों ने नाम और पिता के नाम बदलने और वोट काटे जाने की शिकायत की थी। दैनिक भास्कर की पड़ताल में भी ऐसे कई मामले सामने आए थे। प्रशासनिक रिकॉर्ड के मुताबिक, मयंक गोस्वामी के कार्यकाल में 4,717 और हेमंत चौधरी के कार्यकाल में 9,062 फॉर्मों से जुड़े रिकॉर्ड का मामला सामने आया था। कुल 13,779 फॉर्मों में से 10,470 स्वीकृत और 3,309 अस्वीकृत बताए गए थे। ऑनलाइन और ऑफलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध न होने पर भी सवाल उठे थे। तत्कालीन जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जांच के निर्देश दिए थे। संविदाकर्मी अनिल कुमार की संविदा खत्म की गई थी। केके कश्यप की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)