तेज हवाओं के कारण फ्लाइट दिल्ली डायवर्ट:बरेली में दो बार लैंडिंग की कोशिश नाकाम, 171 यात्रियों को लेकर विमान तीन घंटे बाद लौटा
बरेली एयरपोर्ट पर सोमवार को तेज हवाओं के कारण नवी मुंबई से आई फ्लाइट को दो बार लैंडिंग की कोशिश के बाद दिल्ली भेजना पड़ा। विमान में 171 यात्री सवार थे। करीब तीन घंटे बाद फ्लाइट बरेली लौटी। इस घटना से बरेली आने और यहां से नवी मुंबई जाने वाले कुल 311 यात्रियों की यात्रा पर असर पड़ा।
फ्लाइट का बरेली पहुंचने का तय समय दोपहर 3:35 बजे था। विमान तय समय पर एयरपोर्ट के ऊपर पहुंचा, लेकिन रनवे पर हवा की दिशा और रफ्तार लैंडिंग के अनुकूल नहीं थी। पायलट ने दो बार उतरने की कोशिश की, लेकिन तेज साइड विंड के कारण विमान रनवे पर नहीं उतर सका। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के निर्देश पर विमान दिल्ली भेजा गया।
दिल्ली में कुछ समय रुकने के बाद विमान ने बरेली के लिए फिर उड़ान भरी। करीब तीन घंटे 12 मिनट की देरी के बाद शाम 6:47 बजे विमान बरेली एयरपोर्ट पर उतरा। इस दौरान बरेली से नवी मुंबई जाने वाले 140 यात्री एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे। फ्लाइट का तय प्रस्थान समय शाम 6:05 बजे था, लेकिन विमान शाम 7:15 बजे 140 यात्रियों को लेकर नवी मुंबई रवाना हुआ।
एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि जब तेज हवाएं रनवे की दिशा के बजाय विमान के किनारे से टकराती हैं, तो विमान को तय दिशा में बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसे क्रॉसविंड कहते हैं।
उन्होंने बताया कि लैंडिंग के समय विमान की गति कम होती है, इसलिए ऐसी हवाओं का असर ज्यादा पड़ता है। इससे विमान को रनवे की सेंटरलाइन पर नियंत्रित रखना मुश्किल हो सकता है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऐसी स्थिति में लैंडिंग का जोखिम लेने के बजाय विमान को दूसरे एयरपोर्ट भेजना जरूरी होता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)