अखिलेश यादव के परिवार पर आपत्तिजनक पोस्ट, दो पर FIR:कोर्ट के आदेश पर औराई थाने में मामला दर्ज
भदोही में अखिलेश यादव और उनके परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और AI से बने वीडियो प्रसारित करने के मामले में दो अज्ञात अकाउंट संचालकों पर FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) आशीष कुमार सिंह के आदेश पर हुई।
औराई विधानसभा क्षेत्र के सपा अध्यक्ष और औरंगाबाद निवासी केश नारायण यादव ने 14 सितंबर को अदालत में याचिका दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘भय मुक्त उत्तर प्रदेश’ और ‘याद रखेगा उत्तर प्रदेश’ नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर अखिलेश यादव, उनके परिवार और समाजवादी पार्टी के खिलाफ आपत्तिजनक, भ्रामक और मानहानिकारक पोस्ट व वीडियो डाले जा रहे हैं।
याचिका में यह भी आरोप लगाया गया कि AI की मदद से अखिलेश यादव की आवाज में फर्जी वीडियो बनाए गए। केश नारायण यादव के मुताबिक, उन्होंने 3 सितंबर को औराई थाने और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया।
अदालत ने 14 नवंबर को FIR दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद 15 नवंबर को औराई थाने में FIR संख्या 0489 दर्ज की गई।
औराई के पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दो अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1), 353(2), 319(2), 352 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(D) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट जुटाए जा रहे हैं और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)