टीचर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर 6 लाख लूटे:8 दिन बाद पुलिस सिर्फ दो आरोपियों की पकड़ पाई, आरोपियों के पास से 2.48 लाख मिले
लखनऊ के गाजीपुर इलाके में सरकारी स्कूल के टीचर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर छह लाख रुपये लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात के आठ दिन बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से दोनों को पकड़ा। आरोपियों के पास से लूट के 2.48 लाख रुपये बरामद हुए हैं। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से प्रतापगढ़ के लालगंज अझारा स्थित फतेहशाहपुर गांव निवासी निरंजन सिंह बाराबंकी के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। वह मौजूदा समय में परिवार के साथ गाजीपुर के डी-ब्लॉक में रहते हैं। छह नवंबर की रात वह दोस्तों के साथ पार्टी करने गए थे। सात नवंबर की सुबह करीब चार बजे दोस्त उन्हें कार से कलेवा तिराहे के पास छोड़कर चले गए। इसके बाद वह पैदल घर जा रहे थे। घर के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में छह लाख रुपये रखे थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर खुलासे के लिए टीमें लगाई थीं। सीसीटीवी और सर्विलांस से पकड़े गए आरोपी पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें बाइक सवार संदिग्ध बदमाश नजर आए। फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने रविवार को सेक्टर-25 चौराहे के पास से दो आरोपियों अभय प्रताप सिंह और अनुभव तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों माल इलाके के रहने वाले हैं। उनके पास से लूट के 2.48 लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस की गश्ती पर सवाल गाजीपुर इलाके में तड़के लूट जैसी घटना हो गई लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस जागी। फिर आरोपियों की तलाश में टीम लगाई गई। ऐसे में पुलिस की गश्ती पर भी सवाल खड़े हुए हैं क्योंकि अपराधियों को घटना से पहले हर गतिविधि का अंदाजा था। इसके बाद उन्होंने घटना को अंजाम दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)