तीन साल में 13 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी घटे:देवरिया में 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए 14 केंद्र कम, 1.15 लाख से ज्यादा विद्यार्थी पंजीकृत
देवरिया जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के परीक्षार्थियों की संख्या तीन साल में 13 हजार से ज्यादा घट गई है। 2027 की परीक्षा के लिए 2026 के मुकाबले 14 केंद्र कम बनाए गए हैं। प्रारंभिक सूची में 1,15,767 विद्यार्थियों के लिए 160 केंद्र तय किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के रिकॉर्ड के मुताबिक, हर साल परीक्षार्थियों की संख्या कम हुई है। 2027 की परीक्षा के लिए हाईस्कूल में 56,173 और इंटरमीडिएट में 59,594 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। केंद्रों में तीन राजकीय, 95 सहायता प्राप्त और 62 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। जिले में करीब 560 माध्यमिक विद्यालय हैं। प्रारंभिक सूची जारी होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आपत्तियां और प्रत्यावेदन आने लगे हैं। विद्यालयों की शिकायत है कि विद्यार्थियों को काफी दूर परीक्षा केंद्र दिए गए हैं। इससे ग्रामीण इलाकों के परीक्षार्थियों को परीक्षा के दिन आने-जाने में परेशानी हो सकती है। कई विद्यालयों ने केंद्र बदलने की मांग की है। जिन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया, उनमें से कुछ ने अपने यहां केंद्र तय करने के लिए प्रत्यावेदन दिया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्रारंभिक सूची जारी कर 28 अक्टूबर तक आपत्तियां मांगी थीं। अब जिला स्तरीय समिति आपत्तियों और प्रत्यावेदनों की जांच करेगी। इसके बाद नियमों के अनुसार केंद्रों में बदलाव पर फैसला लिया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ ने कहा कि पिछले साल के मुकाबले विद्यार्थियों की संख्या कम होने से केंद्र घटे हैं। आपत्ति वाले केंद्रों की जांच की जा रही है। परीक्षार्थियों और परीक्षा केंद्रों की संख्या इस तरह रही: 2024: 1,29,175 परीक्षार्थी, 180 केंद्र 2025: 1,26,159 परीक्षार्थी, 179 केंद्र 2026: 1,15,968 परीक्षार्थी, 174 केंद्र 2027: 1,15,767 परीक्षार्थी, 160 केंद्र
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)