उन्नाव में डीएपी बोरियों में भर रहे थे कैल्शियम सल्फेट:कृषि विभाग का छापा; 800 बोरी खाद जब्त, गोदाम सील
उन्नाव में किसानों को नकली डीएपी बेचने की तैयारी का मामला सामने आया है। कृषि विभाग की टीम ने शनिवार रात बिछिया ब्लॉक के दरोगाखेड़ा में एक गोदाम पर छापा मारा। यहां कैल्शियम सल्फेट को डीएपी की बोरियों में भरकर बेचने की तैयारी की जा रही थी। टीम ने मौके से करीब 800 बोरी खाद और पैकिंग का सामान जब्त किया। इसके बाद गोदाम को सील कर दिया गया। डीएपी की बोरियों में भर रहे थे दूसरी खाद जिला कृषि अधिकारी शशांक को शनिवार रात सूचना मिली थी कि दरोगाखेड़ा में एकता धर्मकांटा के पास बने गोदाम में डीएपी की अवैध पैकिंग की जा रही है। सूचना पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापा मारा। जांच के दौरान गोदाम में किसान गोल्ड कैल्शियम सल्फेट की करीब 800 बोरियां मिलीं। इसके अलावा पीपीएल डीएपी की एक भरी और 16 खाली बोरियां, आईपीएल की 49 खाली बोरियां और एवरग्रीन प्रोम की 100 खाली बोरियां बरामद हुईं। बोरी सिलने की मशीन और वजन करने का कांटा मिला टीम को मौके से बोरी सिलने की मशीन, धागे के तीन रोल, वजन करने की मशीन और चाकू भी मिला। वहां मौजूद राजेंद्र लोधी से पूछताछ की गई। उसने बताया कि वह कैल्शियम सल्फेट को डीएपी की बोरियों में भरकर किसानों को बेचता है। सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे कृषि विभाग ने खाद और पैकिंग सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, राजेंद्र लोधी पुत्र बाबूलाल, निवासी भतावां, सिरोसी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। खाद विक्रेताओं को दी चेतावनी जिला कृषि अधिकारी ने जिले के सभी खाद विक्रेताओं को नियमानुसार किसानों को खाद बेचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)