अर्जुन कपूर बनकर महिला से 6.70 लाख रुपये ठगे:सीबीआई कस्टम का डर दिखाया, साइबर थाने में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

Nov 23, 2026 - 13:46
0
अर्जुन कपूर बनकर महिला से 6.70 लाख रुपये ठगे:सीबीआई कस्टम का डर दिखाया, साइबर थाने में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
साइबर ठगों ने सिकंदरा क्षेत्र की एक महिला को एयरपोर्ट पर पकड़े जाने, कस्टम कार्रवाई और सीबीआई गिरफ्तारी के झूठे डर में फंसाकर 6.70 लाख रुपये वसूल लिए। ठग ने महिला का बैंक खाता पूरी तरह खाली कर दिया। धोखाधड़ी की शिकार महिला ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार 11 नवंबर 2026 को इंस्टाग्राम के जरिए एक विदेशी नंबर से संपर्क कर एक व्यक्ति ने खुद को अर्जुन कपूर बताया। उसने भारत आकर हर्बल लाइफ उत्पाद इस्तेमाल करने की बात कही। इसके बाद 15 नवंबर को वॉट्सऐप कॉल कर उसने मुंबई एयरपोर्ट पर पुलिस द्वारा पकड़े जाने की झूठी कहानी सुनाई। भारत में प्रवेश के लिए 80 हजार रुपये मांगे। क्यूआर कोड से कराए रुपये ट्रांसफर महिला ने डर के कारण दो बार में क्यूआर कोड के माध्यम से 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। एक घंटे बाद उसने एयरपोर्ट से बाहर निकलने के नाम पर फिर पैसे मांगे, जिस पर महिला ने 15 हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिए। उसी शाम आरोपी ने 62 लाख पाउंड, हीरे की अंगूठी और सोना कस्टम द्वारा पकड़े जाने का हवाला देकर 1.40 लाख रुपये और ट्रांसफर करा लिए। दिल्ली एयरपोर्ट पर सीबीआई से पकड़े जाने का दावा पीड़िता के अनुसार अगले दिन 16 नवंबर को आरोपी ने वॉट्सऐप कॉल करके दिल्ली एयरपोर्ट पर सीबीआई द्वारा पकड़े जाने का दावा किया। इससे बचने के लिए 3.20 लाख रुपये मांगे। यह रकम पीड़िता ने कई बार में आरटीजीएस के जरिए भेज दी। 17 नवंबर को आरोपी ने सामान जांचने का वीडियो भेजकर सुबह करीब 11 बजे चार लाख रुपये और मांगे। इस दौरान आरोपी ने अन्य लोगों से बात कराकर जेल भेजने और घर पर सीबीआई व पुलिस आने की धमकी दी। दहशत में आकर महिला ने आरटीजीएस से चार लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने 10 लाख रुपये की मांग करते हुए साढ़े तीन लाख रुपये में मामला निपटाने की बात कहकर 18 नवंबर तक का समय दिया। पति को दी जानकारी तो खुला राज महिला ने सारी जानकारी अपने पति को दी। पति ने रकम देने से इनकार कर दिया। पति ने मोबाइल लेकर बैंक खाता देखा तो वह पूरी तरह खाली मिला। महिला ने बताया कि परिवार को जेल भेजने की धमकी और पति के बाहर होने की जानकारी के चलते वह डर के साये में ठग की बातों में आती चली गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User