वाराणसी में पहली बार सुबह 7 बजे तक छाया कोहरा:अर्नब का असर कमजोर, फिर भी अगले 24 घंटे बारिश और कोहरे के आसार
वाराणसी में मौसम का मिजाज बदलते ही काशी में सोमवार सुबह कोहरे ने दस्तक दे दी। पहली बार सुबह 7 बजे तक शहर को कोहरे की चादर ने ढके रखा। दृश्यता घटकर महज 200 मीटर रह गई। सुबह के वक्त सड़कों पर वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। सोमवार सुबह शहर का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जबकि नमी 80 प्रतिशत रही। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 82 दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अर्नब का असर कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके अवशेष से दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते अगले 24 घंटे तक बारिश और कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। नवंबर में भी बदला रहेगा मौसम मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, भू-मध्यरेखीय प्रशांत महासागर में अत्यंत प्रबल एल-नीनो सक्रिय है। वहीं हिंद महासागर में तटस्थ धनात्मक द्विध्रुव की स्थिति बनी हुई है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण नवंबर में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मौसम में अलग-अलग बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य या उससे अधिक बारिश होने के आसार हैं। यहां तापमान में मामूली गिरावट रह सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश और औसत मासिक तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। दिन में बढ़ेगी गर्मी, सुबह छाएगा कोहरा चक्रवात अर्नब के अवशेष से बने निम्न दबाव क्षेत्र के निष्प्रभावी होने के बाद आसमान साफ होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में इतनी ही गिरावट आने के आसार हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)