‘वास्ते’ फेम ध्वनि भानुशाली ने की सगाई:बॉयफ्रेंड यश भानुशाली ने किया प्रपोज, सिंगर ने लिखा- जिंदगी के लिए कपकेक मिल गया

Nov 14, 2026 - 14:25
0
‘वास्ते’ फेम ध्वनि भानुशाली ने की सगाई:बॉयफ्रेंड यश भानुशाली ने किया प्रपोज, सिंगर ने लिखा- जिंदगी के लिए कपकेक मिल गया
सिंगर ध्वनि भानुशाली ने शुक्रवार को बॉयफ्रेंड यश भानुशाली से सगाई का ऐलान किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर प्रपोजल की तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों में ध्वनि और यश पानी के किनारे कैंपिंग करते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में ध्वनि अपनी सगाई की अंगूठी दिखा रही हैं। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “जिंदगी के लिए अपना कपकेक मिल गया। मैंने हां कह दी।” कपल ने अपने रोमांटिक कैंपिंग गेटअवे की झलक दिखाई। यह ट्रिप उनके रिश्ते के खास जश्न में बदल गई। तस्वीरों में दोनों आरामदायक टेंट और खूबसूरती से सजाए गए आउटडोर सेटअप के पास पोज दे रहे हैं। पीछे पानी और सूर्यास्त का नजारा दिख रहा है। एक फोटो में दोनों कैमरे की ओर देखकर मुस्कुरा रहे हैं। अन्य तस्वीरों में वे साथ में जश्न का टोस्ट करते दिख रहे हैं। एक तस्वीर में यश, ध्वनि के गाल पर किस करते नजर आ रहे हैं। आखिरी फोटो में प्रपोजल का सेटअप करीब से दिखाया गया है। सेटअप में सजावटी आर्च पर “FOREVER” लिखा है। वहां मोमबत्तियां और सफेद कुर्सियां भी लगाई गई थीं। गाने ‘वास्ते’ से ध्वनि को मिली थी पहचान ध्वनि भानुशाली ने बॉलीवुड और इंडिपेंडेंट म्यूजिक के गानों से पहचान बनाई है। ध्वनि का जन्म 22 मार्च 1998 को मुंबई में हुआ था। वह प्रोड्यूसर विनोद भानुशाली की बेटी हैं। उन्होंने निखिल डिसूजा के साथ गाए गाने ‘वास्ते’ से लोगों का ध्यान खींचा था। यह गाना बहुत ज्यादा फेमस हुआ। गाने ‘वास्ते’ को 1.7 अरब (170 करोड़) व्यूज मिल चुके हैं। इसके बाद ध्वनि ने ‘सत्यमेव जयते’ के गाने ‘दिलबर’, ‘लेजा रे’ और ‘लुका छुपी’ के ‘दुनिया’ जैसे गाने गाए हैं। उन्होंने ‘साहो’ का ‘साइको सैयां’ और जुबिन नौटियाल के साथ ‘नयन’ भी गाया है। ध्वनि ने गुरु रंधावा, अरिजीत सिंह और जुबिन नौटियाल सहित कई लोकप्रिय सिंगर्स के साथ काम किया है। वह इंडिपेंडेंट म्यूजिक पर भी काम कर रही हैं। साल 2024 में उन्होंने एक्टिंग डेब्यू किया था। वह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘कहां शुरू कहां खत्म’ में आशिम गुलाटी के साथ नजर आई थीं। ध्वनि भानुशाली ने दैनिक भास्कर को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, "मेरे गाने पर जो व्यूज आते हैं, वो पब्लिक के लिए ज्यादा मायने रखते होंगे, लेकिन मेरे लिए नहीं। जाहिर है, इससे पता चलता है कि कितने लोगों ने हमारा गाना सुना है। हालांकि, कितने लोगों ने मेरा गाना पसंद किया, मेरे लिए यह बात मायने रखती है।" उन्होंने आगे कहा था, "यकीन मानिए, मैं कभी इस बात पर ध्यान नहीं देती कि मेरे गाने को कितने व्यूज मिले। मेरे आसपास के लोग मुझे बताते हैं कि आपके गाने को यूट्यूब पर इतने व्यूज मिले। हर गाने से मेरी कोशिश बस यही रहती है कि जितने लोग भी इसे सुनें, वो लंबे वक्त तक गुनगुनाएं।"

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User