विधायक प्रदीप चौधरी बोले- सीएम योगी कलयुग के हनुमान:2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार, निकली किसान सम्मान संकल्प ट्रैक्टर रैली
बुलंदशहर में बुधवार दोपहर 3 बजे अन्नदाता किसान सम्मान संकल्प ट्रैक्टर रैली निकाली गई। सदर विधायक प्रदीप चौधरी के नेतृत्व में आयोजित रैली में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ हजारों किसान और क्षेत्रवासी शामिल हुए। गंगानगर से विधायक और बुजुर्गों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। सीएम योगी को बताया ‘कलयुग का हनुमान’ रैली के दौरान आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रदीप चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘कलयुग का हनुमान’ बताया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी हम सबके दुख हरने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश और देशहित में लगातार काम कर रही है। विधायक ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में किसानों के लिए किसान सम्मान निधि और पांच लाख रुपये तक के किसान बीमा जैसी योजनाएं चलाई गई हैं। उनके मुताबिक, प्रदेश में नौ लाख युवाओं को नौकरियां भी दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सुशासन का ‘रामराज’ कायम है और 2027 में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। सपा शासनकाल को लेकर साधा निशाना विधायक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय गुंडों और माफिया का दबदबा था। उन्होंने कहा कि उस दौर में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं और प्रदेश में गुंडाराज का माहौल था। उनके मुताबिक, जनता ने 2022 में सपा को सत्ता से बाहर कर दिया और 2027 में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा। रैली में बड़ी संख्या में किसानों, क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने सरकार की योजनाओं और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के पक्ष में समर्थन जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)