वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का तीसरा गेम भी ड्रॉ:गुकेश ने 1988 की दुर्लभ चाल से सिंदारोव को चौंकाया; बोले- स्पैस्की मेरी टीम में नहीं

Nov 27, 2026 - 07:28
0
वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का तीसरा गेम भी ड्रॉ:गुकेश ने 1988 की दुर्लभ चाल से सिंदारोव को चौंकाया; बोले- स्पैस्की मेरी टीम में नहीं
स्विट्जरलैंड के जेनेवा में चल रही वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 2026 का तीसरा गेम भी ड्रॉ रहा। गुरुवार को मौजूदा चैंपियन भारत के डी गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को कई मौकों पर दबाव में रखा, लेकिन 60 चालों के बाद मुकाबला बराबरी पर छूटा। तीन गेम के बाद स्कोर 1.5-1.5 है। शुक्रवार को रेस्ट डे रहेगा, जबकि शनिवार को चौथे गेम में गुकेश सफेद मोहरों से खेलेंगे। गुकेश ने पुरानी खेल रणनीति अपनाकर सिंदारोव को चौंकाया तीसरे गेम में गुकेश ने शतरंज की शुरुआत में ऐसी चालें चलीं, जिनका इस्तेमाल 1980 और 1990 के दशक में ज्यादा किया जाता था। इस रणनीति से उन्होंने सिंदारोव को चौंका दिया। इस तरीके से खेलते हुए पूर्व वर्ल्ड चैंपियन बोरिस स्पैस्की ने भी 1988 में मुकाबले खेले थे। उनके दोनों मैच ड्रॉ रहे थे। मैच के बाद गुकेश से स्पैस्की के पुराने मुकाबले के बारे में पूछा गया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "हां, मैं बता सकता हूं कि स्पैस्की मेरी कोचिंग टीम में शामिल नहीं हैं। (हंसते हुए) लेकिन हां, मुझे उस पुराने मुकाबले की जानकारी थी।" गुकेश ने 21वीं चाल के बाद जीत की रणनीति बनाने की कोशिश की गुकेश ने बताया कि खेल की 21वीं चाल के बाद उन्होंने अपने हाथी को अलग-अलग जगह ले जाकर और मोहरों की अदला-बदली कर सिंदारोव पर दबाव बनाने की कोशिश की। वे इस तरह कोई ऐसा मौका बनाना चाहते थे, जिससे जीत हासिल की जा सके। हालांकि, उनकी योजनाएं कामयाब नहीं हुईं। गुकेश के मुताबिक, सिंदारोव की 29वीं चाल के बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया। गुकेश ने कहा, "मैंने 21वीं चाल के बाद कुछ उम्मीद के साथ खेला था। हालांकि, मुझे पता था कि काले मोहरों से मेरी स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। मैं हाथी को अलग-अलग जगह ले जाकर और मोहरों की अदला-बदली करके मौके बनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कोई भी योजना काम नहीं आई। मुझे लगता है कि सिंदारोव की 29वीं चाल के बाद मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया।" सिंदारोव बोले- गुकेश की तैयारी से हैरान रह गया सफेद मोहरों से खेल रहे सिंदारोव ने गुकेश की तैयारी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने गुकेश की अपनाई रणनीति पर काम किया था, लेकिन उसका इतनी गहराई से विश्लेषण नहीं किया था। शुरुआत में उन्हें लगा कि उनकी स्थिति अच्छी है, लेकिन खेल के आखिरी हिस्से में मुकाबला बराबरी का नजर आने लगा। समय का दबाव बढ़ने पर उनसे गलती होने की आशंका भी थी। सिंदारोव ने कहा, "आज मेरे प्रतिद्वंद्वी की तैयारी बहुत अच्छी थी। हमने इस चाल पर काम किया था, लेकिन इतनी गहराई से नहीं। मैं हैरान रह गया। शुरुआत में मुझे लगा कि मेरी स्थिति बहुत अच्छी है, लेकिन खेल के आखिरी हिस्से में समझ आया कि मुकाबला बराबरी का है। समय के दबाव में मैं गलती करने के बेहद करीब था, लेकिन मुझे खुशी है कि मैंने अच्छा बचाव किया।" 60 चालों के बाद ड्रॉ, शनिवार को चौथा गेम मुकाबले के आखिरी हिस्से में दोनों खिलाड़ियों के बचे हुए हाथियों की अदला-बदली हुई। इसके बाद खेल अलग-अलग रंग के खानों वाले ऊंटों के एंडगेम में पहुंचा। यह स्थिति सैद्धांतिक रूप से ड्रॉ मानी जाती है। आखिरकार 60 चालों के बाद दोनों खिलाड़ियों ने मुकाबला ड्रॉ पर खत्म करने पर सहमति जताई। तीन गेम के बाद स्कोर 1.5-1.5 है। शुक्रवार को आराम के बाद शनिवार को चौथा गेम खेला जाएगा। इसमें गुकेश सफेद मोहरों के साथ उतरेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User