पूर्व CJI चंद्रचूड़ बोले- AI से बोरिंग काम करवाइए:लेकिन फैसला लिखने और उस पर दस्तखत का काम जज ही करें

Nov 28, 2026 - 15:26
0
पूर्व CJI चंद्रचूड़ बोले- AI से बोरिंग काम करवाइए:लेकिन फैसला लिखने और उस पर दस्तखत का काम जज ही करें
पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि AI अदालतों के ऊबाऊ और रोजमर्रा का काम कर सकता है। लेकिन फैसला और उसकी वजह जज की जिम्मेदारी ही रहनी चाहिए। AI का इस्तेमाल ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद, मामलों की सूची बनाने और दस्तावेजों की कमियां खोजने में हो सकता है। नई दिल्ली में शनिवार को हुए ‘AI फॉर ऑल: AI गवर्नेंस एंड ट्रस्ट, द केस फॉर जुडिशियल एक्सेस एंड एनपावर्ड इंडिया’ कार्यक्रम में पूर्व CJI ने ये बातें कहीं। चंद्रचूड़ ने कहा, “इन AI टूल्स में एक बात समान है। ये ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद, मामलों की सूची और दस्तावेजों की कमियां खोजने का काम करते हैं। यह उबाऊ काम है। अदालतों का ज्यादातर समय इसी में चला जाता है।" उन्होंने कहा, “भारतीय न्याय व्यवस्था की त्रासदी यह है कि जज अपना समय उस काम में लगा रहे हैं, जो उनके समय का सबसे कम हिस्सा होना चाहिए। उनका ध्यान असल में तुरंत फैसला लेने पर होना चाहिए।” AI बना रहा फर्जी उदाहरण AI से बने फर्जी कानूनी उद्धरणों का जिक्र करते हुए चंद्रचूड़ ने सुप्रीम कोर्ट के दो मामलों के बारे में बताया। इन मामलों में न्यायिक फैसलों के फर्जी संदर्भ दिए गए थे। उन्होंने कहा कि एक मामले में आंध्र प्रदेश की ट्रायल कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के चार ऐसे फैसलों पर भरोसा किया, जो मौजूद ही नहीं थे। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि गैर-मौजूद फैसलों के आधार पर दिया गया निर्णय सिर्फ गलती नहीं, बल्कि कदाचार था। दूसरे मामले में एक ट्रिब्यूनल के आदेशों में सुप्रीम कोर्ट के असली फैसलों का हवाला दिया गया। लेकिन उनमें उन फैसलों के नाम पर फर्जी पैराग्राफ जोड़ दिए गए थे। चंद्रचूड़ ने कहा, “जो कानून रिपोर्ट मौजूद ही नहीं है, उसके उद्धरण को 30 सेकंड में पकड़ा जा सकता है। लेकिन असली फैसले में जोड़ा गया फर्जी पैराग्राफ सामान्य जांच में पकड़ में नहीं आएगा।” उन्होंने कहा कि मशीन से तैयार हर उद्धरण और अनुवाद की इंसान से जांच होनी चाहिए। AI के हर इस्तेमाल का रिकॉर्ड भी रखा जाना चाहिए। अदालतों में AI के लिए प्रस्तावित नियम पूर्व CJI ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की AI कमेटी ने 3 जून को अदालतों में AI के इस्तेमाल के लिए ड्राफ्ट नियम जारी किए थे। ये प्रस्तावित नियम सुप्रीम कोर्ट से लेकर ट्रायल कोर्ट और ट्रिब्यूनल तक लागू करने के लिए बनाए गए हैं। इन नियमों का आधार मानव की प्राथमिकता, पारदर्शिता, जवाबदेही, डेटा सुरक्षा और न्यायिक स्वतंत्रता है। चंद्रचूड़ ने कहा कि ड्राफ्ट नियम केस मैनेजमेंट, ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद और रिसर्च में AI के इस्तेमाल की अनुमति देते हैं। हालांकि, किसी व्यक्ति के जमानत जोखिम का आकलन करने या गवाह की विश्वसनीयता तय करने में AI के इस्तेमाल पर रोक होगी। उन्होंने कहा कि जहां किसी के अधिकार या आजादी का सवाल हो, वहां अपारदर्शी सिस्टम की अनुमति नहीं होनी चाहिए। प्रस्तावित नियमों में अदालतों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले हर AI टूल का रजिस्टर रखने की बात कही गई है। किसी गड़बड़ी की स्थिति में घटनाओं का डेटाबेस भी बनाया जाएगा। जो पक्ष अपनी दलीलों में AI का इस्तेमाल करेंगे, उन्हें इसकी जानकारी देनी होगी। चंद्रचूड़ ने नियमों को अंतिम रूप देने से पहले तीन मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत बताई। इनमें AI से जुड़ी गलतियों, जैसे गलत अनुवाद, को चुनौती देने की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने जिला जजों की ट्रेनिंग और स्वतंत्र ऑडिट की जरूरत भी बताई। AI इस्तेमाल के पांच टेस्ट चंद्रचूड़ ने अदालतों में AI के इस्तेमाल के लिए पांच टेस्ट भी बताए। पहला टेस्ट है कि फैसला इंसान ले और उसी के हस्ताक्षर हों। उन्होंने कहा कि फैसला एक ऐसे व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक शक्ति का इस्तेमाल है, जिसने शपथ ली है। वह अपने फैसले की वजह बताता है और अपील की प्रक्रिया के तहत जवाबदेह रहता है। चंद्रचूड़ ने कहा, “भाषा मॉडल ने कोई शपथ नहीं ली है। उससे ऊपरी अदालत में खुद को समझाने के लिए नहीं कहा जा सकता। हिरासत में मौजूद किसी निर्दोष व्यक्ति को लेकर उसे चिंता नहीं होती।” उन्होंने कहा, “AI को दस्तावेज खोजने, उनका अनुवाद करने और सारांश बनाने दें। फैसला और उसकी वजह जज की होनी चाहिए।” दूसरा टेस्ट है कि किसी व्यक्ति की आजादी का फैसला संभाव्यता के स्कोर से नहीं होना चाहिए। चंद्रचूड़ ने कहा कि जमानत के फैसले में अदालत को सामने मौजूद व्यक्ति, आरोप, रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री और मामले की परिस्थितियों पर विचार करना होता है। उन्होंने कहा कि रिस्क स्कोर पैटर्न के आधार पर कुछ जानकारी दे सकता है। लेकिन वह व्यक्ति के अलग-अलग आकलन की जगह नहीं ले सकता। तकनीक का इस्तेमाल संविधान के अनुच्छेद 21 में दी गई आजादी की सुरक्षा के अनुरूप होना चाहिए। तीसरा टेस्ट है कि मुकदमे में AI के इस्तेमाल की जानकारी पक्षकारों को दी जानी चाहिए। चंद्रचूड़ ने कहा, “अगर मेरे सबूत का अनुवाद करने या मेरी अपील का सारांश बनाने में किसी टूल का इस्तेमाल हुआ है, तो मुझे यह पता चलना चाहिए।” उन्होंने कहा कि पक्षकारों को यह बताने का मौका भी मिलना चाहिए कि AI ने कुछ गलत किया है या बहुत गलत किया है। इसीलिए याद रखें कि हमारे अनुवादित फैसलों की इंसान जांच करते हैं। जिस अनुवाद की किसी ने जांच नहीं की, वह फैसले के बारे में सिर्फ एक अफवाह है। चौथा टेस्ट है कि तकनीक कतार में सबसे पीछे खड़े लोगों तक पहुंचे। उन्होंने कहा, “अदालतों में AI का सबसे मजबूत इस्तेमाल वह फैसला है, जो सुनाए जाने के दिन किसी पक्षकार तक मराठी या असमिया में पहुंच जाए। अगली सुनवाई की तारीख साधारण फोन पर आवाज के जरिए पूछी जा सके। पांचवां टेस्ट डेटा सुरक्षा का है। चंद्रचूड़ ने संप्रभु डेटाबेस और भारत में बने AI मॉडल की वकालत की। इनमें से कोई भी टेस्ट तकनीक के खिलाफ नहीं है। हर टेस्ट बताता है कि एक अच्छा जज पहले से क्या करता है। लंबित मामलों के बीच तकनीक की जरूरत चंद्रचूड़ ने बड़ी संख्या में लंबित मामलों को देखते हुए न्याय व्यवस्था में तकनीकी मदद की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने राज्यसभा में कानून मंत्री के जुलाई में दिए बयान का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि देश की अदालतों में करीब 5.64 करोड़ मामले लंबित हैं। उन्होंने बताया कि भारत में 10 लाख लोगों पर करीब 15 जज हैं। 1987 में लॉ कमीशन ने 10 लाख लोगों पर 50 जजों की सिफारिश की थी। चंद्रचूड़ ने कहा कि जिला अदालत का एक जज औसतन करीब 2,200 मामले संभालता है। उन्होंने इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि कानूनी सहायता पर हर व्यक्ति के लिए सालाना 6.46 रुपए खर्च होते हैं। ज्यादातर जगहों पर इतने पैसे में एक कप चाय भी नहीं मिलेगी। अदालतों में चल रही तकनीकी पहल चंद्रचूड़ ने अदालत में चल रही तकनीकी पहलों की भी जानकारी दी। इनमें अदालत में हुई दलीलों का AI से ट्रांसक्रिप्शन शामिल है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के अनुवाद टूल ‘सुवास’ का भी जिक्र किया। यह टूल फैसलों का 18 भारतीय भाषाओं में अनुवाद कर चुका है। उन्होंने बताया कि केरल की सभी ट्रायल कोर्ट में 1 नवंबर 2025 से गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए स्पीच-टू-टेक्स्ट तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि IIT मद्रास के साथ मिलकर एक टूल का परीक्षण किया जा रहा है। यह नई अदालत में दाखिल की गई अर्जियों और दस्तावेजों की कमियां पहचानने में मदद करेगा। चंद्रचूड़ ने कानूनी पेशे से जुड़े लोगों को भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि वकीलों को किसी फैसले का हवाला देने से पहले उसे पूरा पढ़ना चाहिए। उन्होंने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के रुख का हवाला देते हुए कहा कि वकील अपनी दलीलों में हुई गलतियों के लिए तकनीक को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User