यमुना एक्सप्रेसवे पर कार पलटी, परिवार के चार लोग घायल:मथुरा में माइलस्टोन 97 के पास डिवाइडर से टकराकर सड़क से नीचे उतरी कार
मथुरा में थाना मांट क्षेत्र में शनिवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 97 के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क से नीचे जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे की राहत टीम ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी रितिक शनिवार सुबह अपनी पत्नी दिव्या, बेटी तन्नू और मां सुमित्रा के साथ कार से नोएडा से आगरा की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 6:30 बजे उनकी कार थाना मांट क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97 के पास पहुंची, तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर से टकराई और सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में कार सवार चारों लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पीआरवी 8420 को मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टोल चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह और उपनिरीक्षक हरेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों ने कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में क्रेन की मदद से कार को हटवाकर राया कट इंटरचेंज भिजवा दिया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल सभी चारों लोगों को हल्की चोटें आई हैं और सभी खतरे से बाहर हैं। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)