नाले के पानी का रास्ता बदलने पर विवाद:खेतों में पानी भरने की आशंका, थाने में शिकायत दर्ज न करने का आरोप
उन्नाव के सुपासी गांव में नाले का रास्ता बदलने को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और प्रशासन ने नाले के पानी का पुराना रास्ता बदलकर उसे दूसरी तरफ मोड़ दिया। इससे खेतों में पानी भरने और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ग्रामीणों ने फैसले का विरोध किया है। इसी दौरान एक दंपती के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिया के पास बदल दिया पानी का रास्ता शनिवार दोपहर करीब एक बजे गांव के मोनू मिश्रा ने स्थानीय पत्रकारों से बातचीत में मामला उठाया। उन्होंने बताया कि उनके होश संभालने के बाद से नाले का पानी तय रास्ते से दूसरे नाले में जाता रहा है। अब पुलिया के पास पानी का रास्ता बदलकर दूसरी तरफ कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे खेती प्रभावित हो सकती है। वे नाले का पानी पुराने रास्ते से निकालने की मांग कर रहे हैं। प्रधान और अधिकारियों से की थी शिकायत मोनू मिश्रा के मुताबिक, ग्रामीणों ने पहले ग्राम प्रधान को समस्या बताई थी। उन्हें भरोसा दिया गया था कि मामले में सही फैसला लिया जाएगा। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों के सामने नाले को सीधा ले जाने की बात हुई, लेकिन बाद में उसका रास्ता दूसरी तरफ कर दिया गया।
विरोध करने पर दंपती से मारपीट का आरोप मोनू मिश्रा ने बताया कि भीम रावत और उनकी पत्नी ने भी नाले का रास्ता बदलने का विरोध किया था। उनका कहना था कि नए रास्ते से रात में आने-जाने और पशुओं को निकालने में परेशानी होगी। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों के साथ मारपीट की गई। थाने में शिकायत दर्ज नहीं करने का दावा पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने सरकारी अस्पताल में मेडिकल जांच कराई। फिलहाल मामले में पुलिस और प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)