यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:अखिलेश बोले- आजम से दिल का रिश्ता, मॉडल श्रद्धा को जेल भेजा, राज्यपाल बोलीं- गर्लफ्रेंड को मां बनाकर मत छोड़ो
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर अखिलेश की आजम से जेल में मुलाकात को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर श्रद्धा दुबे को जेल भेजने से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1. आजम 11 महीने बाद याद आए' सवाल पर भड़के अखिलेश, बोले- इज्जत दे दी तो सिर पर चढ़ोगे रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि रामपुर, जिसके नाम में ही राम है, वहां रामराज्य की भावना को मार दिया गया है। उन्होंने कहा- आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे। फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं कि उनको जेल में रख सके। फर्जी मुकदमे लगाने वाले अफसर भी साथ छोड़ रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें… 2. श्रद्धा पुलिस से बोली- मुझसे नहीं, वकील से बात करिए, लखनऊ में 6 घंटे पूछताछ के बाद मेडिकल मॉडल श्रद्धा दुबे को यूपी STF नागपुर से लखनऊ ले आई। उसके साथ बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश भी हैं। गुरुवार सुबह 10 बजे जब श्रद्धा हजरतगंज थाने पहुंची तो वह अपना मुंह छिपाते दिखी। हाथ उठाकर नजर बचाते हुए अंदर गई। श्रद्धा से पुलिस ने 6 घंटे 35 मिनट तक पूछताछ की। इसके बाद उसे मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। पूरी खबर पढ़ें… 3. राज्यपाल बोलीं- लड़की को मां बनाकर मत छोड़ो, गर्लफ्रेंड बनाओ तो शादी का वादा पूरा करो यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि 13-14 साल की उम्र में किसी लड़की को मां बनाकर छोड़ना गलत है। गर्लफ्रेंड बनाने में कोई बुराई नहीं है। लेकिन शादी का वादा किया है तो उसे निभाना भी जरूरी है। राज्यपाल आनंदी बेन गुरुवार को लखनऊ में महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के 7वें दीक्षांत समारोह में बोल रही थीं। पूरी खबर पढ़ें… 4. भाजपा विधायक ने गोदाम प्रभारी को थप्पड़ जड़े, बोले- तुम अखिलेश यादव के आदमी हो महोबा में चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने बुधवार को राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी को थप्पड़ जड़ दिए। उससे कहा- तुम अखिलेश यादव से मिले हो, गरीबों की बलि क्यों चढ़ाना चाहते हो। बीज किसे भेज रहे थे। अपने लोगों से कहा- इनके लिए जूते की माला मंगाओ और लहंगा चुनरी पहनाकर जुलूस निकालो। ये ऐसे नहीं मानेंगे। पूरी खबर पढ़ें… 5. यूपी में 23 और 27 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रहेंगी, MLC चुनाव के चलते फैसला यूपी में लखनऊ समेत 72 जिलों में 23 और 27 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रहेंगी। लखनऊ डीएम ने बताया कि यह फैसला शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के मद्देनजर लिया गया है। इस दौरान शराब की दुकानों के साथ बार, मॉडल शॉप और सैन्य कैंटीन में भी शराब की बिक्री नहीं होगी। शुक्रवार को विधान परिषद (MLC) की कुल 11 सीटों पर मतदान होंगे। पूरी खबर पढ़ें… अब 8 अहम खबरें… 6. काशी में हेलिकॉप्टर्स ने गंगा के ऊपर दिल बनाया, एयर शो में राफेल-सुखोई की हवा में कलाबाजी वाराणसी में एयर शो के पहले दिन नमो घाट पर सेना के सारंग हेलिकॉप्टर्स ने गंगा के ऊपर आसमान में तिरंगा बनाया। राफेल-सुखोई ने हवा में कलाबाजी दिखाई। गुरुवार सुबह 11.50 बजे हुए इस एयर शो में 52 लड़ाकू विमानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। वहीं, जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 ने तीर की नोक की डिजाइन में उड़ान भरी। पूरी खबर पढ़ें… 7. प्रयागराज में 8 साल की छात्रा को वैन ने रौंदा, बैग उतारते समय ड्राइवर कुचलता चला गया प्रयागराज से 8 साल की छात्रा स्कूल वैन ने कुचल दिया। ड्राइवर को इसका पता भी नहीं चला। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसे गाड़ी के नीचे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। बच्ची दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा-3 में पढ़ती थी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने स्कूल वैन ड्राइवर को पकड़ कर लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पूरी खबर पढ़ें… 8. गोरखपुर विकास प्राधिकरण का रिश्वतखोर लिपिक निलंबित, LDA ने घूसखोर अफसरों पर जांच बैठाई यूपी के विकास प्राधिकरणों में रिश्वतखोरी और अवैध निर्माण के खेल पर दैनिक भास्कर की स्टिंग का बड़ा असर हुआ है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने नक्शा जारी करने के लिए घूस मांगने वाले लिपिक निर्मल सिंह को निलंबित कर दिया है। वहीं, लखनऊ विकास प्राधिकरण ने 5 सदस्यीय कमेटी गठित की है, जो पूरे मामले की विभागीय जांच करेगी। पूरी खबर पढ़ें… 9. यूपी में दरोगा के पिता की गोली मारकर हत्या, मां बोली- भतीजे ने मार कर बदला लिया बिजनौर में सशस्त्र सीमा बल (SSB) दरोगा के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात 10 बजे उनका खून से सना शव ट्रैक्टर पर मिला। हमलावरों ने उन पर 3 राउंड फायरिंग की। एक गोली पेट और एक सीने में लगी। जबकि, एक गोली ट्रैक्टर पर लगी। पत्नी ने बताया कि विजयपाल सिंह (50) शाम को खेतों की जुताई करने गए थे। पूरी खबर पढ़ें… 10. पति को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ी पत्नी, लखीमपुर में 8 मिनट तक हंसिया लेकर लड़ती रही लखीमपुर में पति पर तेंदुए के हमले के दौरान पत्नी हंसिया लेकर उससे भिड़ गई। वह करीब 8 मिनट तक तेंदुए से लड़ती रही और पति को बचाने की कोशिश करती रही। चीख-पुकार सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडे लेकर तेंदुए को खदेड़ा, जिसके बाद वह गन्ने के खेत में भाग गया। हमले में दोनों पति-पत्नी बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। पूरी खबर पढ़ें… 11. हाईस्कूल की छात्रा बोली- सिपाही ने न्यूड वीडियो बनाए, गाजीपुर में दूसरों संग रिलेशन बनाने भेजा गाजीपुर में 10वीं की छात्रा ने एक सिपाही पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। छात्रा ने कहा- सिपाही ने मुझे शादी का झांसा देकर जाल में फंसाया। होटल ले जाकर बिना कपड़ों के मेरी फोटो खींच ली। मुझे ब्लैकमेल करने लगा। दूसरों के साथ सेक्स करने के लिए भेजा। परिवार भी मेरे साथ नहीं। मैं मरना चाहती हूं। छात्रा ने एसपी से सिपाही की शिकायत की है। पूरी खबर पढ़ें… 12. मेरठ में बहन को मैसेज भेजकर भाई ने जान दी, 2 साल पहले लवमैरिज, तलाक से डिप्रेशन में था मेरठ में गुरुवार तड़के एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने अपनी बहन को व्हाटसएप पर मैसेज भेजा। लिखा कि, मरने जा रहा हूं। बहन ने मैसेज देर से देखा। तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। चाचा ने कमरे में भतीजे को फंदे पर लटका देखा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पूरी खबर पढ़ें… 13. कार का टायर फटने से बैंक कर्मी की मौत, हमीरपुर में मॉर्निंग वाक के समय हादसा हमीरपुर में सड़क हादसे में बैंककर्मी की मौत हो गई। वह गुरुवार सुबह करीब 6 बजे टहलने निकले थे। तभी पीछे से आ रही कार का टायर फट गया। इससे चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और कार ई-रिक्शा से टकरा गई। कार बैंककर्मी को रौंदते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। ई-रिक्शा भी खाई में गिर गया। बैंककर्मी के ऊपर कार का पहिया चढ़ गया था। पूरी खबर पढ़ें… खबर जो हटकर है… 14. बहू ने बीच बाजार ससुर को पकड़कर थप्पड़ मारे, चुगली करने की बात पर बदला लिया फिरोजाबाद में एक महिला ने अपने ससुर का कॉलर पकड़कर बीच बाजार पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि महिला ससुर की ओर से चुगली किए जाने की बात को लेकर नाराज थी। ससुर बहू के बीच मारपीट को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मारपीट की ये घटना वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा में है। पूरी खबर पढ़ें… कल क्या रहेगा खास… 15. 72 जिलों में MLC चुनाव 23 अक्टूबर यूपी के 72 जिलों में उत्तर प्रदेश विधान परिषद यानी (MLC) की 11 सीटों पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव होगा। नतीजे 27 अक्टूबर को आएंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)