यूरोप में 7 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी:कई फ्लाइट्स का रास्ता बदला; 2 दिन पहले भी धमकियां मिली, विस्फोटक नहीं मिला था

Nov 05, 2026 - 17:18
0
यूरोप में 7 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी:कई फ्लाइट्स का रास्ता बदला; 2 दिन पहले भी धमकियां मिली, विस्फोटक नहीं मिला था
यूरोप में गुरुवार को 7 विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। इनमें फिनलैंड, इटली, फ्रांस, चेक गणराज्य और बुल्गारिया के विमान शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने कई फ्लाइट्स का रास्ता बदलवाया, जबकि कुछ विमानों को फाइटर जेट की निगरानी में उतारा गया। हालांकि, अब तक इन धमकियों के पीछे किसी संगठन का नाम सामने नहीं आया है। दो दिन पहले भी यूरोप में करीब 10 विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। बाद में ये सभी धमकियां फर्जी निकली थीं। इटली जा रही फ्लाइट को फ्रांस में उतारना पड़ा आयरलैंड से इटली जा रही एर लिंगस एयरलाइन की फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद फ्रांस की ओर मोड़ दिया गया। फ्रांस की वायुसेना ने विमान की सुरक्षा के लिए फाइटर जेट भेजे। विमान को नॉर्मंडी के एव्रू सैन्य एयरबेस पर सुरक्षित उतारा गया। फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकॉर्नू के कार्यालय के मुताबिक, विमान में 151 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बम निरोधक टीम ने विमान की जांच शुरू की। फिनलैंड से आने वाली फ्लाइट को फाइटर जेट ने सुरक्षा दी हेलसिंकी से रोम जा रही फिनएयर की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली। इसके बाद विमान को इतालवी फाइटर जेट की निगरानी में रोम पहुंचाया गया। एयरपोर्ट पर बम निरोधक विशेषज्ञों ने विमान की तलाशी ली। वहीं, फिनलैंड की एयरलाइन फिनएयर के मुताबिक, हेलसिंकी से वियना जा रही जेटटाइम की एक फ्लाइट को भी धमकी मिली थी। विमान को रास्ता बदलकर ऑस्ट्रिया की राजधानी में सुरक्षित उतारा गया। इसके अलावा मिलान से वॉरसॉ जा रही विज एयर की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली। विमान का रास्ता बदलकर उसे वियना में उतारा गया। बुल्गारिया और चेक गणराज्य में भी अलर्ट बुल्गारिया की राजधानी सोफिया जा रही रयानएयर की तीन फ्लाइट्स को बम की धमकी मिली। इनमें से दो विमान डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन और स्पेन की राजधानी मैड्रिड से आ रहे थे। दोनों को सोफिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। वहीं, लंदन से आ रहे तीसरे विमान को रास्ता बदलकर बुल्गारिया के दूसरे सबसे बड़े शहर प्लोवदिव में उतारा गया। चेक गणराज्य की राजधानी प्राग जा रही चार फ्लाइट्स को भी बम की धमकी मिली। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग की तैयारी की। ------------------ यह खबर भी पढ़ें… यूरोप में कई विमानों को बम से उड़ाने की धमकी:इटली ने फाइटर जेट भेजे, पोलैंड ने एयरपोर्ट बंद किया; सारी धमकियां झूठी निकलीं यूरोप में 3 नवंबर को अलग-अलग देशों में कई विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। इन धमकियों के बाद इटली ने दो विमानों को सुरक्षित एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए अपनी एयरफोर्स के विमान भेजे, जबकि पोलैंड में एक एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। पूरी खबर यहां पढ़ें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User