दुकान में बंद कर युवक को जलाया! सीवान में तेजाब कांड से सनसनी!
बिहार के सीवान में 30 वर्षीय मोहम्मद नदीम हुसैन पर तेजाब डालकर दुकान में आग लगाने का आरोप है। गंभीर रूप से झुलसे युवक की अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने तीन लोगों पर हमले का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
दि राइजिंग न्यूज़ | बिहार | 5 नवंबर 2026
बिहार के सीवान जिले में तेजाब हमले की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जीबी नगर थाना क्षेत्र के सरैया गांव में 30 वर्षीय मोहम्मद नदीम हुसैन पर तेजाब डालने के बाद उन्हें दुकान के अंदर बंद कर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसे नदीम की सीवान सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस वारदात में तीन लोग शामिल थे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
मृतक की बहन अफसाना खातून के मुताबिक, 4 नवंबर की रात करीब आठ बजे उन्हें भाई के साथ हुई घटना की जानकारी मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में नदीम को अस्पताल ले गए। रास्ते में नदीम ने बताया था कि हमले में तीन लोग शामिल थे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण वह किसी का नाम नहीं बता सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अलावलपुर में शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने जीबी नगर थानाध्यक्ष को निलंबित करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर सदर एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता और एसडीपीओ प्रांजल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। एसडीओ के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)