बलिया में शिक्षकों ने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया:सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा, पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग
बलिया कलक्ट्रेट में गुरुवार को करीब एक बजे जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय से जुड़े अशासकीय महाविद्यालय शिक्षक एसोसिएशन के सदस्यों ने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा को सौंपा। आशाराम वर्मा ने डीएम के प्रतिनिधि के तौर पर ज्ञापन लिया। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों की कई मांगें और समस्याएं शासन और उच्च शिक्षा निदेशालय के स्तर पर लंबित हैं। संगठन ने इन मुद्दों पर लगातार ध्यान दिलाया है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। सदस्यों ने कहा कि इससे प्रदेश के शिक्षक नाराज हैं। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद जीवनयापन के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। उनका कहना है कि शिक्षकों को भी सांसदों, विधायकों और न्यायपालिका की तरह पुरानी पेंशन दी जाए। एसोसिएशन ने यूजीसी की सिफारिशों के अनुसार उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की उम्र 65 साल करने की मांग भी की। सदस्यों ने मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और केंद्र सरकार का उदाहरण दिया। ज्ञापन में एसोसिएशन की अन्य मांगें भी शामिल थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)