ब्यावर में BJP को बड़ा झटका, बहुमत के बाद भी हारी!
राजस्थान के ब्यावर में जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव में बहुमत होने के बावजूद बीजेपी हार गई। क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस की ममता गुर्जर ने जीत दर्ज की। वहीं, जैसलमेर में 21 वर्षीय संतोष कुमारी निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गईं।
दि राइजिंग न्यूज़ | राजस्थान | 25 नवंबर 2026
राजस्थान में जिला परिषद अध्यक्षों के चुनाव के बीच ब्यावर जिले से चौंकाने वाला परिणाम सामने आया है। यहां स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस की उम्मीदवार ममता गुर्जर ने क्रॉस वोटिंग के जरिए जीत हासिल कर ली। 27 सदस्यों वाली जिला परिषद में बीजेपी के पास 14 सदस्य थे, जो बहुमत के लिए पर्याप्त थे। इसके बावजूद चुनाव में पार्टी अपनी जीत सुनिश्चित नहीं कर सकी।
राजस्थान के 37 जिलों में जिला परिषद अध्यक्षों के चुनाव कराए जा रहे हैं। अब तक दौसा, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में कांग्रेस उम्मीदवार निर्विरोध जीत दर्ज कर चुके हैं। जैसलमेर में 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला परिषद प्रमुख चुनी गई हैं। वहीं, बीकानेर में बीजेपी उम्मीदवार के नाम वापस लेने के बाद कांग्रेस के एक बागी नेता ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
राजधानी जयपुर में भी बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां कांग्रेस के पास दो तिहाई से अधिक बहुमत है। कांग्रेस की ओर से यशवीर सूरा और बीजेपी की ओर से राजेश गुर्जर चुनाव मैदान में हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मतदान कराया जा रहा है। कांग्रेस अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है।
जैसलमेर में 21 साल की संतोष कुमारी बनीं जिला प्रमुख
जैसलमेर में कांग्रेस ने जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि बीजेपी को केवल एक सीट मिली। कांग्रेस की संतोष कुमारी निर्विरोध जिला परिषद प्रमुख चुनी गई हैं। वह अनुसूचित जनजाति समुदाय से आती हैं और 12वीं तक पढ़ाई की है। जिला परिषद सदस्य के चुनाव में उन्होंने वार्ड 21 से बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मी को 6,137 वोटों से हराया था।
जिला प्रमुख बनने के बाद संतोष कुमारी ने जनता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को साथ लेकर काम करना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके अलावा महिला शिक्षा को बढ़ावा देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)