आजमगढ़ में मिलेट्स महोत्सव का आयोजन:मोटे अनाज से बने लजीज व्यंजनों ने मोहा मन, होटल संचालकों ने प्रदर्शनी में पेश कीं मिलेट्स की रेसिपी

Nov 25, 2026 - 17:21
0
आजमगढ़ में मिलेट्स महोत्सव का आयोजन:मोटे अनाज से बने लजीज व्यंजनों ने मोहा मन, होटल संचालकों ने प्रदर्शनी में पेश कीं मिलेट्स की रेसिपी
आजमगढ़ में श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन और उपभोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को हरिऔध कला भवन में जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कृषि विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में मिलेट्स से तैयार विभिन्न स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। उत्कृष्ट रेसिपी तैयार करने वाले होटल संचालकों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री घनश्याम पटेल एवं विशिष्ट अतिथि खेलकूद प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी समिति सूरज श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने अतिथियों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों, किसानों, होटल संचालकों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने महोत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कृषि विभाग की विभिन्न किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और किसानों से इनका लाभ उठाने की अपील की। खानपान का अभिन्न हिस्सा रही है कृषि संस्कृति मुख्य अतिथि घनश्याम पटेल ने कहा कि श्रीअन्न हमारी पारंपरिक कृषि संस्कृति और खानपान का अभिन्न हिस्सा रहा है। बदलती जीवनशैली में ज्वार, बाजरा और रागी जैसे मोटे अनाज का उत्पादन और उपभोग बढ़ाना समय की जरूरत है। पोषक तत्वों से भरपूर इन अनाजों को दैनिक आहार में शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने किसानों से मिलेट्स की खेती अपनाने और आमजन से अपने भोजन में मोटे अनाज को शामिल करने का आह्वान किया। महोत्सव में विभिन्न होटल संचालकों ने ज्वार, बाजरा, रागी सहित अन्य मोटे अनाज से तैयार स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। आकर्षक तरीके से प्रस्तुत की गई रेसिपी ने लोगों का मन मोह लिया। प्रदर्शनी के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पारंपरिक मोटे अनाज से आधुनिक स्वाद के अनुरूप कई तरह के व्यंजन तैयार किए जा सकते हैं। उत्कृष्ट एवं आकर्षक रेसिपी तैयार करने वाले होटल संचालकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भी श्रीअन्न के महत्व और उपयोगिता का संदेश दिया गया। संगीत और जागरूकता कार्यक्रमों ने महोत्सव को आकर्षक बनाया तथा लोगों को पारंपरिक मोटे अनाज के प्रति जागरूक किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User