मिर्जापुर में सड़क हादसे रोकने के लिए 15 दिवसीय अभियान:चील्ह-विंध्याचल मार्ग की पटरी 3 दिन में ठीक कराने का निर्देश
मिर्जापुर में सड़क हादसों और मौतों में कमी लाने के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने 15 दिन का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। बुधवार को हुई बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों से सुधार के काम करने और सड़क किनारे से अवैध कब्जे हटाने को कहा। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने हादसों की आशंका वाले स्थानों की समीक्षा की। विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश उन्होंने वहां संकेतक, साइनेज, गति सीमा बोर्ड और सड़क पर निशान लगाने समेत सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने को कहा। यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग से सड़क किनारे पेड़ों और बिजली के खंभों के कारण हादसों की आशंका वाले स्थानों का सर्वे कराने और उन्हें हटाने की कार्रवाई करने को कहा। एनएच और लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढे भरने और पैचवर्क का काम जल्द और अच्छी तरह पूरा करने के निर्देश दिए। चील्ह-विंध्याचल मार्ग की पटरी तीन दिन में ठीक कराने को भी कहा। टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से वाहन चालकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करने को कहा गया। 29 वाहनों का परीक्षण नहीं हुआ बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश्वर यादव ने बताया कि जिले के स्कूली वाहनों का फिटनेस परीक्षण कराया जा चुका है। 29 वाहनों का परीक्षण नहीं हुआ है। ये वाहन अभी चल नहीं रहे हैं। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन राजेश्वर यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)