बलिया में दहेज के लिए विवाहिता की मौत, पति गिरफ्तार!
बलिया में दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर प्रियंका राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।
दि राइजिंग न्यूज़ | बलिया | 25 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दहेज की मांग को लेकर 32 वर्षीय विवाहिता प्रियंका राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति शशि प्रकाश राय (38) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में नामजद चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 21 नवंबर की रात बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर गांव में हुई। प्रियंका की शादी 27 फरवरी 2023 को शशि प्रकाश राय से हुई थी। प्राथमिकी के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे थे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रियंका के साथ मारपीट की जाती थी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। करीब ढाई महीने पहले बेटी को जन्म देने के बाद उसका उत्पीड़न और बढ़ गया था।
मृतका के पिता की शिकायत के मुताबिक, घटना वाले दिन प्रियंका ने उन्हें फोन कर बताया था कि मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले उसकी हत्या कर सकते हैं। इसके बाद उसी रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति शशि प्रकाश राय, देवर चंद्र प्रकाश और रिंकू राय तथा पति के दो भतीजों सुधांशु और हर्षित के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस उपाधीक्षक अक्षय कुमार के अनुसार, आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी चार नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)