1.99 करोड़ की साइबर ठगी का आरोपी दुबई से लौटा:पुलिस ने एयरपोर्ट पर पकड़ा, जारी था लुकआउट सर्कुलर
शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 1.99 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के मामले में फरार आरोपी को बिजनौर साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी था। रविवार को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन टीम ने उसे रोक लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार देर शाम पुलिस ने गिरफ्तारी की जानकारी दी। व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर कराया था निवेश पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2025 को एक पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रिया देसाई और आनंद बेतिया ने पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच दिया। इसके बाद 994-IIFL Capital Insights और V-15 IIFL-1 to 1 VIP Group समेत कई ग्रुप के जरिए BOB Caps App पर निवेश कराया गया। पीड़ित ने 11 जुलाई से 6 सितंबर 2025 के बीच करीब 30 बार अलग-अलग बैंक खातों में IMPS और RTGS के माध्यम से कुल 1 करोड़ 99 लाख 3 हजार रुपये भेजे। पुलिस इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। LOC जारी होने के बाद दुबई चला गया था आरोपी जांच के दौरान प्रियांशु ठाकुर पुत्र तारा ठाकुर, निवासी शिव बिहार डहरिया, हल्द्वानी, नैनीताल का नाम सामने आया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह विदेश चला गया था। पुलिस ने 10 अक्टूबर 2025 को उसके खिलाफ LOC जारी कराया था। 15 नवंबर 2026 को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन टीम ने उसे रोक लिया। इसके बाद बिजनौर साइबर क्राइम पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दुबई में USDT की खरीद-फरोख्त करता था पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जनवरी 2024 में रियल एस्टेट का काम करने दुबई गया था। अप्रैल 2025 में उसे USDT की खरीद-फरोख्त के बारे में जानकारी हुई। इसके बाद उसने इंस्टाग्राम पर 'USDT TETHEN YOUR TRULY' नाम से पेज बनाया और पोस्ट के जरिए ग्राहकों से संपर्क करना शुरू किया। आरोपी के मुताबिक, वह नकद, बैंक खातों और दुबई की मुद्रा में भुगतान लेकर ग्राहकों को USDT देता था। इसके बदले उसे 2 से 2.5 प्रतिशत कमीशन मिलता था। उसने प्रतिमाह एक से दो करोड़ रुपये के बराबर कारोबार करने की बात स्वीकार की। ब्लैक मनी को व्हाइट करने के लिए भी लेनदेन की जानकारी पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे जानकारी थी कि इस माध्यम से ब्लैक मनी को व्हाइट मनी में बदलने के लिए भी लेनदेन किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ बिजनौर, दिल्ली और नैनीताल में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)