विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत:परिजनों ने कृष्णानगर चौकी के पास शव रखकर जाम लगाया, आरोपियों की गिरफ्तारी मांगी
मथुरा के कृष्णानगर क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में एक माह पहले दो पक्षों के बीच हुए विवाद में घायल युवक की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने मंगलवार शाम करीब 8 बजे कृष्णानगर चौकी के निकट सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुल सका। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस के अनुसार, बीते 21 अक्तूबर को बैंक कॉलोनी में वाल्मीकि समाज के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट और पथराव हुआ था। मामले में एक पक्ष की ओर से छह नामजद सहित सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। विवाद के दौरान गिरधरपुर निवासी अजय (20) भी मौके पर पहुंच गए थे। दोनों पक्षों के बीच हुए पथराव में अजय के सिर में गंभीर चोट लग गई थी। घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए आगरा ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन भी किया, लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ। मंगलवार को उपचार के दौरान अजय ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन शव लेकर कृष्णानगर चौकी के पास पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक परिजनों को समझाया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)