24 नवंबर टीजीटी आवेदन की अंतिम तारीख:CCSU में मार्कशीट-डिग्री के लिए भटक रहे छात्र, सहायता केंद्र पर सिर्फ दो काउंटरों पर हो रहा काम
दीपावली की छुट्टियों के बाद सोमवार से विश्वविद्यालय खुला तो छात्र सहायता केंद्र पर मार्कशीट और डिग्री लेने वाले छात्रों की भीड़ उमड़ने लगी। सोमवार से लगातार यही स्थिति बनी हुई है। छात्र सुबह से ही अपने जरूरी दस्तावेज लेने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन घंटों लाइन में लगने के बाद भी कई छात्रों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इसका असर अब सिर्फ छात्रों की परेशानी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके करियर पर भी पड़ने लगा है। दरअसल, सहायक अध्यापक भर्ती सहित कई नौकरियों के आवेदन की अंतिम तारीख 24 नवंबर है। ऐसे में जिन छात्रों को मार्कशीट अपडेट करानी है या डिग्री लेनी है, उनके सामने समय पर आवेदन पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में विश्वविद्यालय से समय पर मार्कशीट और डिग्री नहीं मिलने पर वे आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। कई छात्र ऐसे हैं जो नौकरी के लिए आवेदन करना चाहते हैं, लेकिन दस्तावेजों के इंतजार में फंसे हैं। छात्रों को कई बार एक काउंटर से दूसरे काउंटर पर भेजा जा रहा है। कुछ छात्रों को अगले दिन आने के लिए कह दिया जाता है, जिससे बाहर से आए छात्रों की परेशानी और बढ़ रही है। छात्र सहायता केंद्र पर फिलहाल केवल दो काउंटर खुले होने से भीड़ संभालना मुश्किल हो रहा है। छात्रों का आरोप है कि किस कोर्स की मार्कशीट कहां मिलेगी, इसकी साफ़ जानकारी नहीं मिलती। बीएड की मार्कशीट लेने पहुंचे छात्रों को कभी एक काउंटर तो कभी दूसरे काउंटर पर भेजा जा रहा है। घंटों इंतजार के बाद भी काम नहीं होने से छात्रों और कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति बन रही है। देवेंद्र ने बताया कि उन्होंने 18 नवंबर को मार्कशीट अपडेट कराने के लिए दी थी, लेकिन 20 नवंबर तक भी अपडेट नहीं हुई। उनका कहना है कि जब विश्वविद्यालय के पास छात्रों का पूरा डाटा मौजूद है तो मार्कशीट में सुधार और अपडेट की प्रक्रिया ऑनलाइन होनी चाहिए। एक दिन में अपडेट होने वाला काम कई दिनों तक अटकने से छात्रों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर आवेदन की अंतिम तारीख है और बीच में गंगा स्नान के कारण भी छात्रों के पास समय कम है। ऐसे में बड़ी संख्या में छात्र आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं। वहीं, सोनवीर अलाहवत ने बताया कि वह अपनी बहन की बीएड फाइनल ईयर की मार्कशीट लेने आए हैं। पहले उन्हें एक काउंटर पर भेजा गया और वहां से दूसरे काउंटर पर जाने के लिए कह दिया गया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक अलग-अलग जगह लाइन में लगने के बाद भी मार्कशीट नहीं मिल सकी। उनका कहना है कि बिहार समेत दूसरे राज्यों से भी छात्र यहां दस्तावेज लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण उन्हें परेशान होकर लौटना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय को आवेदन की अंतिम तारीख को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर खोलने चाहिए और मार्कशीट अपडेट करने की प्रक्रिया तेज करनी चाहिए, ताकि दस्तावेजों की देरी से किसी छात्र का नौकरी के लिए आवेदन न छूटे। छात्रों के लिए यह केवल मार्कशीट या डिग्री मिलने का मामला नहीं, बल्कि उनके आगे की पढ़ाई और नौकरी के अवसरों से जुड़ा सवाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)