वाराणसी में ट्रेन हादसे का मॉक ड्रिल:गैस कटर से काटी बोगी की खिड़की; फंसे यात्रियों को निकाला

Nov 20, 2026 - 15:16
0
वाराणसी में ट्रेन हादसे का मॉक ड्रिल:गैस कटर से काटी बोगी की खिड़की; फंसे यात्रियों को निकाला
रेल यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य की तैयारियों को परखने के लिए वाराणसी जंक्शन (कैंट) और बनारस रेलवे स्टेशन के बीच स्थित कोचिंग डिपो के पास एक विशाल मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस संयुक्त अभ्यास में ट्रेन के पटरी से उतरने (डिरेलमेंट) का मॉक ड्रिल कर आपदा प्रबंधन से जुड़ी तमाम एजेंसियों के 'क्विक रिस्पॉन्स टाइम' (त्वरित प्रतिक्रिया समय) और आपसी समन्वय का गहन परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान जैसे ही कंट्रोल रूम को कोचिंग डिपो के समीप ट्रेन डिरेल होने और उसमें कई यात्रियों के फंसे होने की सूचना मिली, पूरे रेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। महज कुछ ही मिनटों के भीतर सायरन बजने लगे और उत्तर रेलवे (NR) तथा पूर्वोत्तर रेलवे (NER) के वरिष्ठ अधिकारी, दुर्घटना राहत यान (ART), मेडिकल वैन और बचाव दल घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की विशेष टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। बोगी की खिड़की काटकर यात्रियों को निकाला गया सुरक्षित बनारस मण्डल के अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालक अशोक कुमार वर्मा ने बताया - अभ्यास को वास्तविक रूप देने के लिए दुर्घटनाग्रस्त बोगी के भीतर डमी यात्रियों को रखा गया था। जो दरवाजे जाम होने के कारण अंदर फंस गए थे। एनडीआरएफ और रेलवे की तकनीकी टीम ने आधुनिक गैस कटर और हाइड्रोलिक उपकरणों की मदद से बेहद सावधानीपूर्वक बोगी की खिड़की को काटा। इसके बाद स्ट्रेचर और रस्सियों के सहारे अंदर फंसे सभी 'घायल' यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) देकर गंभीर रूप से घायल डमी मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल के लिए रवाना किया। सभी सुरक्षा पहलुओं की हुई बारीकी से जांच अशोक कुमार वर्मा ने बताया - इस पूरे ऑपरेशन के दौरान आपदा प्रबंधन के हर छोटे-बड़े पहलू की बारीकी से जांच की गई। इसमें सूचना तंत्र की सक्रियता, घटनास्थल तक राहत टीमों के पहुंचने में लगा समय, भीड़ नियंत्रण, घायल यात्रियों की ट्राइएज (गंभीरता के आधार पर वर्गीकरण) और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल को परखा गया। चूंकि यह क्षेत्र उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के सीमावर्ती हिस्से में आता है, इसलिए दोनों जोन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पूरे ऑपरेशन की निगरानी की ताकि वास्तविक आपदा के समय किसी भी तरह के भ्रम या देरी की गुंजाइश न रहे। आरपीएफ अधिकारी ने दी अभियान की जानकारी अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में सभी बचाव एजेंसियों की तत्परता और उनके रिस्पॉन्स टाइम को जांचना था। राजेश कुमार ने कहा कि आरपीएफ, जीआरपी, एनडीआरएफ और रेलवे के विभिन्न विभागों ने बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए बेहद कम समय में रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह केवल एक पूर्व-निर्धारित अभ्यास था, ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए हमारी तैयारियां हमेशा चाक-चौबंद रहें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User