कारीगर बनकर सोना उड़ाने वालों पर पुलिस का शिकंजा:कल से चलेगा सत्यापन अभियान, मेरठ में 2000 से अधिक सराफा कारोबारी, 3000 कारीगर

Nov 20, 2026 - 15:32
0
कारीगर बनकर सोना उड़ाने वालों पर पुलिस का शिकंजा:कल से चलेगा सत्यापन अभियान, मेरठ में 2000 से अधिक सराफा कारोबारी, 3000 कारीगर
मेरठ में सराफा कारोबारियों का सोना लेकर कारीगरों के फरार होने की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मेरठ पुलिस बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। शनिवार से शहर और कैंट क्षेत्र में सराफा कारोबारियों के यहां काम करने वाले कारीगरों का सत्यापन कराया जाएगा। पुलिस का मकसद ऐसे लोगों की पहचान और उनका पूरा रिकॉर्ड जुटाना है, जो कारीगर बनकर सराफा कारोबारियों का भरोसा जीतते हैं और मौका मिलते ही सोना लेकर फरार हो जाते हैं। अभियान के तहत कारीगरों के आधार कार्ड और बैंक पासबुक के साथ उनके परिजनों की जानकारी भी दर्ज की जाएगी। शहर और सदर सराफा बाजार में 2000 से अधिक सराफा कारोबारी हैं। इनके यहां करीब 3000 से ज्यादा कारीगर काम करते हैं। इनमें सबसे बड़ी संख्या पश्चिम बंगाल से आए कारीगरों की है। सराफा कारोबार में कारीगरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। सोने के आभूषण तैयार करने से लेकर उनकी मरम्मत तक का काम इन्हीं के हाथों में रहता है। ऐसे में कारोबारी कारीगरों पर भरोसा करके उन्हें सोना सौंपते हैं। इसी भरोसे का फायदा उठाकर कुछ कारीगर सोना लेकर गायब हो जाते हैं। कई मामलों में कारोबारी को कारीगर का स्थायी पता और परिवार तक की जानकारी नहीं मिल पाती। एसोसिएशन के सहयोग से चलेगा अभियान एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि कारीगरों के सत्यापन के लिए सराफा एसोसिएशन से संपर्क किया जा रहा है। एसोसिएशन के माध्यम से कारोबारियों को अभियान की जानकारी देकर उनके यहां काम करने वाले प्रत्येक कारीगर का सत्यापन कराने की अपील की जाएगी। पुलिस की कोशिश है कि कोई भी कारीगर सत्यापन से छूटने न पाए। इसके लिए कारोबारियों से भी सहयोग लिया जाएगा। कम समय में अधिक से अधिक कारीगरों का सत्यापन पूरा करने की योजना बनाई गई है। आधार और बैंक पासबुक से होगी पहचान सत्यापन के दौरान कारीगरों का आधार कार्ड और बैंक पासबुक का ब्योरा लिया जाएगा। इसके अलावा उनके परिवार के सदस्यों और परिजनों से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इससे किसी कारीगर के अचानक गायब होने या सोना लेकर फरार होने की स्थिति में पुलिस को उसकी पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि तक पहुंचने में आसानी होगी। पुलिस का प्रयास है कि कारीगरों का ऐसा रिकॉर्ड तैयार हो, जिससे जरूरत पड़ने पर उनकी पहचान और तलाश में समय बर्बाद न हो। पश्चिम बंगाल के कारीगरों का भी जुटेगा रिकॉर्ड मेरठ के सराफा बाजार में पश्चिम बंगाल के कारीगरों की बड़ी संख्या है। ये कारीगर लंबे समय से आभूषण बनाने के काम से जुड़े हैं। अलग-अलग सराफा कारोबारियों के यहां बाहरी राज्यों से आए कारीगर काम कर रहे हैं। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन सभी का रिकॉर्ड एकत्र करने की है। अभियान में उनके स्थायी पते, परिजनों और पहचान संबंधी दस्तावेजों का विवरण जुटाया जाएगा। कारोबारियों की जिम्मेदारी भी होगी तय पुलिस इस अभियान के जरिए सराफा कारोबारियों को भी सतर्क करना चाहती है। कारोबारियों से अपील की जाएगी कि किसी भी नए कारीगर को काम पर रखने से पहले उसकी पहचान और पते की पुष्टि जरूर करें। केवल जान-पहचान या किसी दूसरे कारीगर की सिफारिश पर काम देने से बचें। कारीगरों का पूरा रिकॉर्ड अपने पास भी सुरक्षित रखें। पुलिस का मानना है कि व्यवस्थित सत्यापन से सोना लेकर फरार होने जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User