3 बीघे जमीन के लिए पिता की हत्या की:बेटे ने गले और सिर पर हंसिया से वार किया, बेटा गिरफ्तार
बांदा में जमीन अपने नाम कराने और उसे बेचने की जिद में बड़े बेटे ने हंसिया से हमला कर पिता की हत्या कर दी। घटना के समय 65 वर्षीय पिता घर में चूल्हे पर चाय बना रहे थे। इसी दौरान बेटे ने उनके गले और सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी की मां घर से बाहर भागी और पड़ोसियों व परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल हंसिया बरामद कर लिया। घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है। तीन बीघा जमीन को लेकर पिता-पुत्र में हुआ विवाद घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के बांधा पुरवा गांव की है। यहां के निवासी मोतीलाल यादव के पास करीब तीन बीघा जमीन थी। पुलिस के मुताबिक, उनका बड़ा बेटा नीलम उर्फ नथुवा जमीन अपने नाम कराने की जिद कर रहा था। वह पिता पर जमीन बेचने का दबाव भी बना रहा था। इसी बात को लेकर शुक्रवार रात करीब 8 बजे पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने हंसिया से पिता के गले और सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मोतीलाल बरामदे में गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। मां ने बाहर भागकर पड़ोसियों को दी जानकारी घटना के समय घर में मोतीलाल की पत्नी संपतिया, छोटा बेटा और बड़ा बेटा मौजूद थे। वारदात के बाद मां घर से बाहर निकलीं और पड़ोसियों व परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी सौरभ सिंह और शहर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पिता की हत्या की है। हालांकि, हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हंसिया बरामद कर लिया है। कई महीने से मायके में रह रही आरोपी की पत्नी परिवार के लोगों ने बताया कि नीलम दो भाइयों में बड़ा है। उनका कहना है कि उसका मानसिक संतुलन कभी-कभी बिगड़ जाता है। उसका छोटा भाई बउरा मूकबधिर और मानसिक रूप से दिव्यांग है। परिजनों के मुताबिक, नीलम की पत्नी अनुसूइया मई से पति से नाराज होकर अपने मायके बलखेड़ा में रह रही है। आरोपी कुछ समय पहले ही दिल्ली से कमाकर गांव लौटा था। उसकी एक बेटी भी है। एसपी बोले- आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया एसपी पलाश बंसल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)