दिवाली बाजार लगाने को लेकर पटरी दुकानदारों में मारपीट:दुकान लगाने की होड़ में दुकानदारों के बीच धक्का-मुक्की
मुजफ्फरनगर में दिवाली के त्योहार को लेकर शहर के भगत सिंह रोड पर पटरी बाजार लगाने की होड़ दुकानदारों के बीच विवाद की वजह बन गई। बुधवार रात करीब 9 बजे सड़क किनारे दुकान लगाने को लेकर पटरी दुकानदार आपस में भिड़ गए। उनके बीच धक्का-मुक्की हुई। हालात ऐसे बन गए कि बाजार में व्यवस्था संभालने में जुटी पुलिस के लिए भी पटरी दुकानदार सिरदर्द बन गए। गुरुवार से दुकान लगाने की मिली है अनुमति दरअसल, दिवाली से पहले हर साल शिव चौक के पीछे भगत सिंह रोड पर अस्थायी पटरी बाजार लगाया जाता है। इस बार भी त्योहार के मद्देनजर बाजार लगाने की तैयारी है। अधिकारियों के निर्देशानुसार दुकानदारों को गुरुवार से पटरी दुकानें लगाने की अनुमति दी गई है, लेकिन कुछ दुकानदार निर्धारित समय से पहले ही दुकानें लगाने की जिद पर अड़े रहे। बुधवार रात सड़क पर दुकान लगाने को लेकर दुकानदारों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने कई बार दुकानदारों को मौके से हटाया, लेकिन इसके बावजूद वे बार-बार उसी स्थान पर दुकान लगाने की कोशिश करते रहे। दुकान लगाने की जगह को लेकर दुकानदारों के बीच खींचतान ने व्यवस्था संभालने में पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हर साल जगह को लेकर होता है विवाद गौरतलब है कि हर साल दिवाली से पहले भगत सिंह रोड पर लगने वाले इस अस्थायी बाजार में दुकान लगाने को लेकर विवाद की स्थिति बनती है। जगह को लेकर पटरी दुकानदारों के बीच अक्सर कहासुनी, धक्का-मुक्की और मारपीट तक की नौबत आ जाती है। इस बार भी बाजार शुरू होने से पहले ही विवाद सामने आने लगा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बुधवार को कोई भी पटरी दुकान नहीं लगाई जाएगी। दुकानदारों को निर्धारित व्यवस्था के तहत गुरुवार से ही दुकान लगाने की अनुमति होगी। इसके बावजूद समय से पहले दुकान लगाने की कोशिश करने वाले दुकानदारों को मौके से हटाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)