रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए जेई सस्पेंड:महोबा के क्रशर संचालक से मांगे थे 1 लाख रुपए, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
बांदा में महोबा के ग्रेनाइट क्रशर संचालक से एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अवर अभियंता (जेई) सलमान को विभाग ने निलंबित कर दिया है। बोर्ड के सदस्य सचिव संजीव कुमार सिंह ने 3 नवंबर को निलंबन आदेश जारी किया। सलमान को 2 नवंबर को सतर्कता अधिष्ठान झांसी सेक्टर की टीम ने बांदा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह जानकारी बुधवार रात 11 बजे मिली। नोटिस पर कार्रवाई नहीं करने के बदले मांगी थी रिश्वत मामले की शुरुआत महोबा के ग्रेनाइट क्रशर संचालक अजय कुमार की शिकायत से हुई। अजय के अनुसार, 18 जून 2026 को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से उन्हें व्हाट्सएप के जरिए नोटिस भेजा गया था। आरोप है कि बिना सर्वे किए यह नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद वह बांदा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। वहां उनकी मुलाकात अवर अभियंता सलमान से हुई। आरोप है कि जेई ने नोटिस पर कार्रवाई नहीं करने के बदले एक लाख रुपए की मांग की। कारोबारी ने इसकी शिकायत झांसी स्थित विजिलेंस कार्यालय में कर दी। केमिकल लगे नोट लेते ही विजिलेंस ने पकड़ा शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ने सलमान को रिश्वत लेते पकड़ने की योजना बनाई। 2 नवंबर को टीम बांदा पहुंची और क्षेत्रीय कार्यालय में जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट देकर सलमान के पास भेजा गया। जैसे ही उसने एक लाख रुपए लिए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके हाथ धुलवाए गए तो पानी गुलाबी हो गया। टीम उसे नगर कोतवाली ले गई। वहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अभिरक्षा में लिए जाने के समय से निलंबन क्षेत्रीय अधिकारी, बांदा की रिपोर्ट पर बोर्ड ने सलमान के खिलाफ कार्रवाई की। 3 नवंबर को जारी आदेश में उसे पुलिस अभिरक्षा में लिए जाने की तिथि और समय से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उसे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। आदेश की प्रतिलिपि क्षेत्रीय अधिकारी, बांदा सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)