52 साल के हरिशंकर चलाएंगे देश की दूसरी वंदेभारत स्लीपर:32 साल की ज्योति पहली बार संभालेंगी गार्ड की जिम्मेदारी, 13 में से 7 महिला क्रू
बनारस से दिल्ली के बीच देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 31 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। इस ट्रेन को 52 वर्षीय लोको पायलट हरिशंकर यादव चलाएंगे। वहीं, 32 वर्षीय ज्योति पहली बार वंदे भारत स्लीपर में गार्ड की जिम्मेदारी संभालेंगी। हरिशंकर 2020 से वंदे भारत ट्रेन चला रहे हैं, लेकिन पहली बार किसी नई ट्रेन के उद्घाटन पर उसे चलाने का मौका मिल रहा है। वहीं ज्योति भी पहली बार वंदे भारत में गार्ड की भूमिका निभाएंगी। दोनों के लिए यह जिम्मेदारी खास है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बनारस स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। ट्रेन 4:56 पर बनारस स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन में 16 कोच होंगे और यात्रियों के लिए कुल 823 बर्थ उपलब्ध रहेंगी। वाराणसी से यह ट्रेन रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। मालगाड़ी से वंदे भारत तक का सफर
52 वर्षीय हरिशंकर यादव देश की दूसरी वंदेभारत स्लीपर ट्रेन को लेकर वाराणसी से दिल्ली रवाना होंगे। हरिशंकर ने बताया कि वंदे भारत और वंदे भारत स्लीपर की तकनीक लगभग समान है, लेकिन नई ट्रेन के उद्घाटन के मौके पर उसे चलाने का अनुभव अलग होगा। उन्होंने कहा कि इतने लोगों के सामने ट्रेन चलाना और संचालन की जिम्मेदारी निभाना चुनौतीपूर्ण है। इसे लेकर खुशी और गर्व है, लेकिन थोड़ी नर्वसनेस भी है। उनके मुताबिक, सामान्य ट्रेनों और वंदे भारत के इंजन की तकनीक में अंतर है। वंदे भारत में इंजन ट्रेन सेट के साथ ही जुड़ा होता है। इसमें लगी डिस्प्ले स्क्रीन पर ट्रेन के संचालन और तकनीकी स्थिति से जुड़ी जानकारियां मिलती रहती हैं। यदि संचालन के दौरान कोई गड़बड़ी आती है तो उसकी जानकारी भी स्क्रीन पर दिखाई देती है। 32 साल की ज्योति कुमारी संभालेंगी गार्ड की जिम्मेदारी
इस ट्रेन में 32 वर्षीय ज्योति कुमारी गार्ड की जिम्मेदारी संभालेगी। ज्योति पटना के बिजिटा रहने वाली है। 2021 में रेलवे में सेवा दे रही हैं। इससे पहले वे अमृत भारत ट्रेन के उद्घाटन के दौरान गार्ड की भूमिका निभा चुकी हैं, लेकिन वंदे भारत में यह उनका पहला अनुभव होगा। 13 सदस्यीय क्रू में सात महिलाएं
वंदे भारत स्लीपर के संचालन के लिए कुल 13 सदस्यीय क्रू रहेगा। इसमें सात महिलाएं शामिल हैं। सहायक लोको पायलट की जिम्मेदारी श्रीनी श्रीवास्तव संभालेंगी, जबकि ज्योति गार्ड रहेंगी। ट्रेन में 10 टीटी तैनात होंगे। इनमें पांच महिला और पांच पुरुष टीटी शामिल होंगे। इस तरह ट्रेन के संचालन और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी जिम्मेदारियों में महिला कर्मचारियों की भी बड़ी भागीदारी रहेगी। 16 कोच में 823 बर्थ, तीनों श्रेणियों के एसी कोच
वंदे भारत स्लीपर 16 कोच का आधुनिक ट्रेन सेट है। इसमें कुल 823 बर्थ उपलब्ध होंगी। ट्रेन में एसी फर्स्ट क्लास, एसी सेकंड क्लास और एसी थर्ड क्लास के कोच होंगे। इसे लंबी दूरी की रात की यात्रा को तेज, सुरक्षित और आरामदायक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें आधुनिक प्रोपल्शन और कंट्रोल सिस्टम लगाया गया है। ऊर्जा बचाने के लिए रीजेनरेटिव ब्रेकिंग की सुविधा है। ट्रेन में बेहतर शोर और कंपन नियंत्रण, थर्मल इंसुलेशन और उन्नत अग्नि सुरक्षा प्रणाली भी दी गई है। ट्रेन की गति बढ़ाने और ब्रेक लगाने की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाया गया है, ताकि रात के सफर में यात्रियों को कम झटके महसूस हों। इसमें इंटेलिजेंट डायग्नोस्टिक्स और आधुनिक ट्रेन प्रबंधन प्रणाली भी मौजूद है। 9 घंटे में तय होगा वाराणसी से दिल्ली का सफर रेलवे की ओर से जारी नियमित समय-सारणी के मुताबिक, वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। वाराणसी से सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को इसका संचालन होगा। वहीं, नई दिल्ली से सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को ट्रेन चलेगी। 4:56 पर होगी रवाना बनारस रेलवे स्टेशन पर 31 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। स्टेशन डायरेक्टर श्रीराम यादव के मुताबिक, कार्यक्रम दोपहर 3:50 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। शाम 4:56 बजे वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसके बाद वाराणसी-राजातालाब और प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू सेवाओं का भी उद्घाटन होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शामिल होंगे। इसके अलावा वाराणसी के जनप्रतिनिधि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)