पुलिस मुठभेड़ में दो और बदमाश गिरफ्तार:सिपाही अमित सिंह को गोली मारकर हुए थे फरार, दोनों के पैर में लगी गोली
वाराणसी के लंका थानाक्षेत्र के सुंदरपुर स्थित अभिषेक नगर कालोनी में सिपाही को गोली मारकर भागने वाले दो अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान अंजनी झा और राजू तिवारी के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। असलहा बरामदगी के दौरान दोनों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए हैं। दोनों को ट्रामा सेंटर में एडमिट किया गया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध असलहे भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल घायल सिपाही का इलाज अभी बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है। उसे तीन गोलियां लगी हैं। क्राइम ब्रांच और कई थाने की पुलिस कर रही थी तलाश
डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया - सिपाही अमित शुक्ला पर हुए जानलेवा हमले के बाद से ही जिले में क्राइम ब्रांच और कई स्थानीय पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि इस वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपी अंजनी झा और राजू तिवारी शहर से भागने की फिराक में हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और दोनों बदमाशों को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद जब दोनों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने सिपाही पर हमले की बात कबूल की और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग दिए। असलहा रिकवरी के दौरान चला दी गोली
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने के बाद अपने अवैध असलहे सामनेघाट इलाके में एक सुनसान जगह पर छिपा दिए हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम दोनों बदमाशों को साथ लेकर असलहा बरामदगी (रिकवरी) के लिए सामनेघाट इलाके में पहुंची। पुलिस टीम दोनों को उस स्थान पर ले गई जहां उन्होंने हथियार छिपाने का दावा किया था। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हथियार निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई, दोनों बदमाशों ने चालाकी दिखाई। अंजनी झा और राजू तिवारी ने वहां पहले से छिपे हुए असलहों को अचानक अपने हाथ में ले लिया और पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग झोंक दी। अपराधियों द्वारा अचानक की गई इस फायरिंग से मौके पर हड़कंप मच गया और पुलिस कर्मियों को खुद को बचाने के लिए कवर लेना पड़ा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए बदमाश
उन्होंने बताया - बदमाशों द्वारा आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर जानलेवा हमला किए जाने के बाद, पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं, जिससे वे वहीं गिर पड़े। बदमाशों के घायल होते ही पुलिस ने उन्हें तुरंत अपने नियंत्रण में ले लिया और उनके हाथों से हथियार जब्त कर लिए। इस पूरी मुठभेड़ में पुलिस टीम के कुछ सदस्य बाल-बाल बचे। ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है इलाज, सुरक्षा कड़ी
मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों घायल अपराधियों को प्राथमिक उपचार देते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल परिसर और वार्ड के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। असलहों की होगी फारेंसिक जांच
डीसीपी ने बताया - सिपाही अमित शुक्ला पर हमला करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अंजनी झा और राजू तिवारी इस मामले के मुख्य कड़ियों में से एक थे। इनके पास से बरामद असलहों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि यह साबित हो सके कि इसी हथियार से सिपाही पर गोली चलाई गई थी। पुलिस अब इन बदमाशों के पूरे आपराधिक इतिहास और इनके मददगारों की कुंडली खंगाल रही है। इलाके में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)